Betul Crime News : पिता के साथ मारपीट कर कुएं में फेंकने वाले कलयुगी पुत्र और पत्नी को किया गिरफ्तार
Betul Crime News: Unfilial son and his wife arrested for assaulting his father and throwing him into a well.
Betul Crime News : बैतूल के बोरदेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कलयुगी पुत्र ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिता के साथ मारपीट कर उसे कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में पति और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 सितंबर को फरियादी/पीड़ित बाबू पिता चेपा कड़वे, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम टुराबोरगांव, थाना बोरदेही द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 4 सितंबर को वह अपने खेत में बने मकान में सो रहा था। दोपहर करीब 02 बजे उसका पुत्र दिलीप कड़वे एवं बहू देवकी कड़वे वहां आए और खेत बेचने की बात को लेकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे।
मारपीट के बाद कुँए में फेंका
आरोपियों द्वारा पीड़ित के मुंह में कपड़ा ठूंसकर एवं पैर बांधकर उसे घसीटते हुए कुएं के पास ले जाया गया तथा जान से मारने की नीयत से कुएं में धक्का देकर फेंक दिया गया। पीड़ित कुएं में लगी मोटर की रस्सी के सहारे लटका रहा। आरोपियों द्वारा कुएं के ऊपर से पत्थर भी फेंककर मारे गए, जिससे पीड़ित को चोटें आईं।
ग्रामीणों की मदद से निकाल बाहर
शाम करीब 07 बजे पीड़ित की पत्नी कमला उसे तलाशते हुए कुएं के पास पहुंची। कुएं से आवाज आने पर उसने ग्रामीणों की मदद से पीड़ित को बाहर निकलवाया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बोरदेही में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी गिरफ्तार
1. दिलीप पिता बाबू कड़वे, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम टुराबोरगांव।
2. देवकी पति दिलीप कड़वे, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम टुराबोरगांव को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी जप्त की गई है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक भैयालाल उईके, थाना प्रभारी बोरदेही, सउनि. कमलसिंह मेहर, सउनि. हरिराम डंढोरे, प्रआर. 395 नागेंद्र सिंह, आरक्षक रोहित भारती, आरक्षक राधेश्याम कुमरे, आरक्षक नीरज शेंडे, आरक्षक शशिकांत आरसे, आरक्षक चालक किशोर साहू, महिला आरक्षक अश्विनी यदुवंशी एवं महिला सैनिक भारती सोनी, थाना बोरदेही की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



