Betul News : कलेक्टर ने बीआरसी और डीपीसी को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश, यह मिली खामियां

Betul News: Collector orders issuance of notices to BRC and DPC; these irregularities were found.

Betul News : बैतूल  कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को भैंसदेही विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रामघाटी पहुंचकर स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, उचित मूल्य दुकान एवं पंचायत की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
         प्राथमिक शाला हनुमानढाना रामघाटी के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पानी, शौचालय, बिजली एवं फर्नीचर संबंधी शिकायतें सामने आने पर कलेक्टर ने बीआरसी एवं डीपीसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत के माध्यम से विद्यालय तक पहुंच मार्ग का समतलीकरण कराए जाने के भी निर्देश दिए।
      इसके पश्चात आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र रामघाटी के निरीक्षण के दौरान केंद्र में बिजली व्यवस्था नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी से ओपीडी की जानकारी प्राप्त की। वहीं ओपीडी रजिस्टर में प्रविष्टियां दर्ज नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच, खून की जांच, सिकल सेल जांच सहित ह्यूमैनाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। शासकीय उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गेहूं एवं चावल के स्टॉक तथा हितग्राहियों को किए जा रहे वितरण की व्यवस्था की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
          एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं होने तथा बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य अपूर्ण पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने पंचायत सरपंच को स्कूल एवं आंगनवाड़ी में बिजली, पंखे एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में अपूर्ण बाउंड्री वॉल के भुगतान की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रधान पाठक से विद्यालय में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी ली, लेकिन जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाने पर उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
        भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से पंचायत के नियमित रूप से खुलने, पटवारी एवं सचिव के प्रतिदिन उपस्थित होने सहित पंचायत की कार्यप्रणाली के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने बच्चों के आधार कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को ऐसे बच्चों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत किए जाने पर कलेक्टर ने जीआरएस एवं सचिव को स्वीकृत हितग्राहियों की सूची पंचायत भवन में चस्पा किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सचिव से पंचायत में संचालित निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली।
        ग्रामीणों ने नल-जल योजना से संबंधित समस्याएं भी कलेक्टर के समक्ष रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने तथा संबंधित इंजीनियर को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को 10 सितंबर तक पानी की टंकी का निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित सब इंजीनियर के विरुद्ध नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button