Betul News : गरीबों से ब्लड के नाम पर वसूली की तो खैर नहीं, कलेक्टर डॉ.सोनवणे
Betul News: Extorting money from the poor in the name of blood will not be tolerated, warns Collector Dr. Sonawane.
गरीब मरीजों से ब्लड के नाम पर वसूली न हो, गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई : कलेक्टर डॉ.सोनवणे
—
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर डॉ. सोनवणे
—
कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के दिए निर्देश
—
बाल मृत्यु के मामलों की रोकथाम के कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
—
Betul News : बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रक्त की उपलब्धता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों से ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गड़बड़ी पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने सभी विकासखंडों के बीएमओ एवं चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि जरूरतमंद मरीजों को शासन की व्यवस्था के अनुसार समय पर रक्त उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी भी स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय, डॉक्टर अथवा अन्य कर्मचारी द्वारा ब्लड दिलाने के नाम पर मरीज या उसके परिजनों से पैसे लेने की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिले में गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान प्रभात पट्टन क्षेत्र में एएनसी पंजीयन की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर ने सभी बीएमओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर एएनसी पंजीयन सुनिश्चित किया जाए तथा पंजीयन के साथ ही उन्हें निर्धारित सभी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मॉडरेट और सीवियर एनीमिक गर्भवती महिलाओं के आईडेंटीफिकेशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने आमला, आठनेर, मुलताई में कम प्रगति पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देश दिए कि ऐसी गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक उपचार तथा फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एनीमिया से प्रभावित गर्भवती महिलाओं को समय पर आयरन सप्लीमेंट, पोषण संबंधी परामर्श एवं चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में उन्होंने मातृ मृत्यु समीक्षा से संबंधित रिपोर्टों की भी समीक्षा की।
कलेक्टर ने नियमित टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। मुलताई, प्रभात पट्टन, घोड़ाडोंगरी, आमला, आठनेर, बैतूल ग्रामीण, भैंसदेही एवं शाहपुर में टीकाकरण की कम उपलब्धि पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बीएमओ को सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत पात्र बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने टीकाकरण संबंधी अभिलेखों के नियमित अद्यतन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने शाहपुर, भीमपुर एवं प्रभातपट्टन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बीएमओ और बीपीएम को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में दर्ज बाल मृत्यु के प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विकासखंड के डॉक्टरों को जिला अस्पताल में प्रसव प्रशिक्षण देने के सख्त निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग, सभी बीएमओ एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाई-रिस्क नवजात एवं बच्चों की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रत्येक बाल मृत्यु प्रकरण का गंभीरता से ऑडिट उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य यकृत मिशन के अंतर्गत स्क्रीनिंग कार्य की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान प्रभात पट्टन और बैतूल में स्क्रीनिंग में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। टीबी स्क्रीनिंग कार्य की समीक्षा के दौरान सीएमएचओ को तीन दिनों में शत प्रतिशत स्क्रीन कर फूड बॉस्केट वितरित की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की सिकलसेल स्क्रीनिंग समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने पूर्ण हो चुके प्राथमिक सामुदयिक स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र शीघ्र हैंडोवर कराने के निर्देश दिए।
—नशा मुक्ति अभियान के साथ रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश—
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिले में नशा मुक्ति अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वैच्छिक रक्तदान के लिए भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नशा मुक्ति अभियान के साथ रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाए। इसके लिए सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं का सहयोग लिया जाए। उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करने तथा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही विजय दिवस के अवसर पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाडे, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे, जिला ब्लड बैंक अधिकारी अंकिता सीते सहित बीएमओ, बीपीएम, बीईई उपस्थित थे।



