Betul News : स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण में देरी पर सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को नोटिस, इधर आरोग्य मंदिर निर्माण में लापरवाही पर इंजीनियर के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश

Betul News: Notices issued to the Sarpanch, Secretary, and Employment Assistant over the delay in constructing additional school classrooms; meanwhile, instructions issued for action against the engineer due to negligence in the construction of the 'Aarogya Mandir' (Health Centre).

स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण में देरी पर सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को नोटिस
——-

  • कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने घोड़ाडोंगरी के ग्राम हीरापुर में योजनाओं के क्रियान्वयन का किया निरीक्षण

बैतूल, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम हीरापुर का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान ग्रामीण सविता सोनी ने आवास एवं आजीविका से जुड़ी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच कर लाभ दिलाने तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम में संचालित किए जाने वाले रेशम केंद्र के संचालन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने ग्राम में नल-जल योजना बंद होने की शिकायत पर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल टीम भेजकर जल स्रोत एवं पाइपलाइन की जांच कर शीघ्र समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मार्ग निर्माण, मनरेगा मजदूरी भुगतान सहित अन्य समस्याओं पर भी संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवन के नियमित एवं व्यवस्थित संचालन के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।

प्राथमिक शाला का निरीक्षण, अतिरिक्त कक्ष निर्माण में देरी पर कार्रवाई

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम हीरापुर की प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर दर्ज छात्र संख्या की जानकारी ली तथा शिक्षकों को पर्याप्त रोशनी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए शाला का सुव्यवस्थित संचालन करने और नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी अवलोकन किया। निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन कक्ष का निरीक्षण कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से तैयार किए जा रहे भोजन की जानकारी ली तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हीरापुर का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा चिकित्सक नहीं होने की शिकायत पर बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. पवित्र कुमार मिस्त्री की पदस्थापना हो चुकी है और उन्होंने गत दिवस कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
कलेक्टर ने नवपदस्थ चिकित्सक को पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नियमित चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सेवाओं, मलेरिया एवं डेंगू के प्रकरणों की जानकारी ली तथा आवश्यक दवाओं के उपलब्ध स्टॉक का भी निरीक्षण किया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, इंजीनियर के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश

————-
बटकीडोह हाई स्कूल में विद्यार्थियों से किया संवाद, सभी स्कूलों में करियर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश
———–
बैतूल 17 जुलाई,2026/कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम बटकीडोह का भ्रमण कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कमियां पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को दिए।
कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि जिले के सभी प्रगतिरत, अपूर्ण एवं हैंडओवर किए जा चुके आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण करें तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद कलेक्टर डॉ सोनवणे ने शासकीय हाई स्कूल बटकीडोह का निरीक्षण कर कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रुचि, भविष्य की योजनाओं और करियर संबंधी आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों के भीतर जिले के सभी स्कूलों में करियर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की सही जानकारी मिल सके। साथ ही विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए मोटिवेशनल गतिविधियां भी नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में जो भी क्षेत्र चुने चाहे डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, चित्रकार, खिलाड़ी या कोई अन्य क्षेत्र उसमें उत्कृष्टता प्राप्त करने का लक्ष्य अभी से निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय का भी अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विद्यालय के सुव्यवस्थित संचालन एवं शैक्षणिक वातावरण के लिए शिक्षक श्री एम.के. दास की सराहना करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक पूरे विद्यालय की दिशा बदल सकता है। उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने यहां ग्रामीणों की मांग पर बिजली के लिए खंभे, पेयजल के लिए कुआं और आंगनवाड़ी भवन के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button