Betul News : नाली निर्माण नहीं करा पा रहीं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री, शंकर वार्ड के रहवासी परेशान
Betul News: BJP Mahila Morcha State Minister is unable to get the drain constructed, residents of Shankar Ward are upset
Betul News : बैतूल नगर पालिका के शंकर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर रहवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वार्ड की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ममता मालवीय पर वार्डवासियों ने उपेक्षा के आरोप लगाए हैं। रहवासियों का कहना है कि बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी वार्ड की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कालापाठा क्षेत्र में मुन्ना परिहार आटा चक्की के पीछे वाली गली में पिछले एक वर्ष से नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाली नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। बरसात के मौसम से पहले स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है। रहवासियों का कहना है कि सड़कों पर जमा गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार पार्षद से नाली निर्माण की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। इस संबंध में पार्षद को मौखिक शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक मौके का निरीक्षण तक नहीं किया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब ममता मालवीय को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री बनाया गया था, तब वार्डवासियों को उम्मीद थी कि क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से होंगे और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होगा, लेकिन हालात पहले से भी बदतर होते जा रहे हैं।
वार्ड के रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नाली निर्माण और अतिक्रमण की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का काम केवल पद लेना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना भी है।




