Betul Suicide News : सोशल मीडिया पर लिखा ‘गुड बाय दोस्तों’, फिर ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने दी जान
Betul Suicide News: Young man takes his own life by jumping in front of a train after posting 'Goodbye friends' on social media.
Betul Suicide News : बैतूल शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। कोसमी रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनंत पिता चंद्रकिशोर बोरकडे निवासी इंदिरा कॉलोनीइटारसी रॉड सदर, बैतूल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसके बाद उसने ट्रेन के सामने आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस जांच में पता चला कि आत्महत्या से पहले युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा था, “मैं जा रहा हूं दोस्तों, गुड बाय… मेरी गाड़ी रेलवे फाटक के पास खड़ी है।” इस पोस्ट के आधार पर पुलिस ने रेलवे फाटक के पास से उसकी बाइक भी बरामद कर ली। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि युवक ने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या की।
थाना प्रभारी के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक पहले भी शराब के नशे की हालत में आत्महत्या करने की बात कह चुका था। हालांकि इस बार उसने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



