Bisnur Arson News : ग्राम बिसनूर में आग का तांडव, लाखों का सामान राख, ट्रैक्टर-बाइक समेत 4 भाइयों की गृहस्थी तबाह
Bisnur Arson News: Fire wreaks havoc in Bisnur village, goods worth lakhs reduced to ashes, tractor-bike and household of 4 brothers destroyed
Bisnur Arson News : बैतूल जिले के प्रभात पट्टन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिसनूर में बुधवार दोपहर भीषण आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक साथ जुड़े चार मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में चार भाइयों के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 3 बजे गांव के एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज गर्मी और हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के जुड़े मकानों तक पहुंच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण अपने-अपने घरों से पानी लाकर और टैंकरों की मदद से आग बुझाने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुलताई और आठनेर से दो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक चारों मकान पूरी तरह जल चुके थे। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो गांव के कई अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ी जनहानि हो सकती थी।
ग्रामीण अतुल ठाकरे ने बताया कि आगजनी की इस घटना में उमेश धोटे, रमेश धोटे, बलिराम धोटे और अजाब धोटे के मकान पूरी तरह जल गए। आग में ट्रैक्टर, बाइक, कपड़े, अनाज और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों के सामने अब रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




