Betul News : सदर बाजार बैतूल में मोबाइल चोरी करते नाबालिग पकड़ा, कोतवाली पुलिस के किया हवाले
Betul News: Minor caught stealing mobile in Sadar Bazar Betul, handed over to Kotwali police
Betul News : बैतूल शहर के व्यस्त सदर बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी की घटनाओं के बीच रविवार को एक नाबालिग युवक को मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जागरूक नागरिकों की सतर्कता और स्थानीय लोगों की सक्रियता के चलते आरोपी को मौके पर ही दबोचकर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे सदर कॉफी हाउस के पास सब्जी बाजार में लोगों की भारी भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान कुछ नाबालिग लड़कों की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। स्थानीय नागरिक राजेश प्रजापति ने बताया कि कुछ युवक बिना किसी खरीदारी के बाजार में इधर-उधर घूम रहे थे और लोगों पर नजर बनाए हुए थे। उनकी हरकतों को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन पर नजर रखी जाने लगी।
इसी दौरान एक युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ते ही बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची।
राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने भी मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने स्वयं को बाहरी क्षेत्र का निवासी बताया। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके कुछ अन्य साथी भी बाजार क्षेत्र में मौजूद थे। इसके बाद पुलिस अन्य संदिग्ध युवकों की तलाश में जुट गई।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि सदर बाजार में मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह लंबे समय से सक्रिय है। भीड़भाड़ वाले बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को निशाना बनाया जाता है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले रविवार को भी भाजपा नेता मनीष सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पत्रकार मयंक भार्गव, अनूप वर्मा और रिचर्ड गोम्स के मोबाइल सदर बाजार में चोरी हो गए थे। सभी लोग सब्जी खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे थे, जहां भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर मोबाइल लेकर फरार हो गए थे।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद पुलिस अब मामले को गंभीरता से लेते हुए पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह हो सकता है, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। वहीं व्यापारियों और नागरिकों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
Betul News : 


