MP News : जबलपुर क्रूज हादसे में 9 की मौत, 4 लापता, माँ के सीने से लिपटा मिला मासूम का शव
MP News: 9 killed, 4 missing in Jabalpur cruise accident, body of innocent found clinging to mother's chest
MP News : मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम करीब 5 बजे बड़ा हादसा हो गया, जब पर्यटन विभाग का एक क्रूज तेज आंधी की चपेट में आकर डूब गया। हादसे में अब तक 9 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। तीन बच्चों सहित 4 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।प्रशासन के अनुसार, क्रूज में कुल 43 से 47 पर्यटक सवार थे, जबकि टिकट केवल 29 लोगों के ही जारी किए गए थे। यह हादसा किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ। उस समय हवा की रफ्तार लगभग 74 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिससे क्रूज संतुलन खो बैठा और पलट गया।
बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि SDRF की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित हुआ। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
मौत के साये में भी अडिग रही मां की ममता, सीने से लिपटा मिला मासूम
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। पर्यटन विभाग का एक क्रूज तेज आंधी की चपेट में आकर डूब गया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। इस हादसे के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया।
दिल्ली से घूमने आए एक परिवार की मां मरीना मैसी और उनके 4 साल के बेटे त्रिशान भी इस हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि आखिरी सांस तक मां ने अपने बेटे को लाइफ जैकेट में सीने से कसकर लगाए रखा। जब रेस्क्यू टीम ने दोनों को बाहर निकाला, तो वे एक-दूसरे से लिपटे हुए थे। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर गया।
इस हादसे में पिता प्रदीप मैसी और बेटी सिया किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। यह घटना सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक मां के अपने बच्चे के प्रति अटूट प्रेम और त्याग की मार्मिक कहानी बनकर सामने आई है, जिसे लंबे समय तक भुलाया नहीं जा सकेगा।


