MP News: शादी के मंच पर दुल्हन ने प्रेमी के गले मे डाली वरमाला, दूल्हा हाथ मलते रह गया, बिना दुल्हन के वापास लौटी बारात
MP News: The bride placed a garland around her lover's neck on the wedding stage, leaving the groom wringing his hands, and the wedding procession returned without the bride.

MP News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र के मुजावर गांव में एक शादी समारोह उस समय सनसनी में बदल गया, जब दुल्हन ने सबके सामने ऐसा फैसला ले लिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। खुशियों और रस्मों के बीच चल रहा समारोह अचानक सन्नाटे में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात परासिया से बारात पूरे उत्साह और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मुजावर गांव पहुंची थी। घरातियों ने बारात का जोरदार स्वागत किया, आतिशबाजी हुई और मेहमानों ने भोजन का आनंद लिया। माहौल पूरी तरह से जश्न में डूबा हुआ था।
लेकिन जैसे ही वरमाला की रस्म शुरू हुई, घटनाक्रम ने अचानक करवट ले ली। दूल्हा मंच पर खड़ा दुल्हन का इंतजार कर रहा था। दुल्हन को जैसे ही स्टेज पर लाया गया, उसने अप्रत्याशित कदम उठाते हुए पंडाल में मौजूद अपने प्रेमी के पास जाकर उसके गले में वरमाला डाल दी और उसे गले लगा लिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए।
कुछ क्षणों के लिए पूरा पंडाल खामोश हो गया। इसके बाद माहौल में तनाव फैल गया। वधु पक्ष के कुछ लोगों ने गुस्से में आकर युवती और उसके प्रेमी के साथ मारपीट भी की। हालात बिगड़ते देख दूल्हे ने समझदारी दिखाते हुए शादी से इंकार कर दिया और अपनी बारात वापस ले गया।
घटना के बाद वर पक्ष ने उमरेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, युवती का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन पारिवारिक दबाव में उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई थी।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी खिरसाडोह गांव में फेरे के दौरान दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया था, जिससे दूल्हे को खाली हाथ लौटना पड़ा था।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में दूल्हे को कानूनी अधिकार प्राप्त होते हैं। वह धोखाधड़ी, मानसिक उत्पीड़न और शादी में हुए खर्च की भरपाई के लिए न्यायालय का रुख कर सकता है।


