Betul News : ग्राम बोरगांव में अज्ञात शरारती तत्वों ने माता दुर्गा की प्रतिमा को किया खंडित, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
Betul News: Unknown miscreants vandalised the idol of Goddess Durga in village Borgaon, causing huge anger among the villagers.
Betul News : बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरगांव में एक संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा प्राचीन दुर्गा मंदिर में स्थापित माता दुर्गा की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोरगांव के बस स्टैंड के पास स्थित वर्षों पुराने दुर्गा मंदिर में यह घटना घटित हुई। सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि माता की प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी है। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कृत्य किसी असामाजिक तत्व या तांत्रिक गतिविधियों से जुड़े लोगों द्वारा किया गया हो सकता है। बताया जा रहा है कि रात के समय कुछ संदिग्ध लोग मंदिर परिसर में आते-जाते रहते है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के अन्य मंदिरों का भी निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
इधर, ग्रामीणों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।



