Betul News : बैतूल के ट्रेचिंग ग्राउंड रेमेडिएशन कार्य में अनियमितता पर कार्रवाई , सीएमओ और उपयंत्री निलंबित
Betul News: Action taken on irregularities in Betul's trenching ground remediation work, CMO and sub-engineer suspended
Betul News : बैतूल 25 फरवरी,2026/कलेक्टर जिला बैतूल द्वारा नगर पालिका परिषद बैतूल अंतर्गत किदवई वार्ड गौठाना स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट डंप साइट रेमेडिएशन परियोजना के कार्य निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप न किए जाने की शिकायत पर गठित जांच दल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जांच प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया कि नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा निविदा शर्तों के अनुरूप कार्य निष्पादन नहीं होने के बावजूद ठेकेदार को अनियमित रूप से भुगतान किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त श्री संकेत भोंडवे द्वारा नगर पालिका परिषद बैतूल में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सतीश मटसेनिया तथा उपयंत्री श्री जतिन पाल को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि में श्री मटसेनिया का मुख्यालय कार्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, संभाग नर्मदापुरम रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। इसी प्रकार निलंबन अवधि में उपयंत्री श्री जतिन पाल का मुख्यालय भी संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, संभाग नर्मदापुरम रहेगा और उन्हें भी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।



