Toffee Explosion : टॉफी खाते ही मासूम के मुंह में धमाका, जबड़ा फटा, दुकानदार हिरासत में
Toffee Explosion: Explosion in innocent child's mouth after eating toffee, jaw broken, shopkeeper in custody

Toffee Explosion : राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड स्थित चौकी बास गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां टॉफी खाते ही एक मासूम बच्ची के मुंह में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे उसका मुंह और जबड़ा बुरी तरह फट गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। बच्ची की हालत नाजुक होने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने जटिल सर्जरी की। अस्पताल निदेशक डॉ. तैयब खान ने बताया कि विस्फोट से बच्ची के चेहरे, मुंह और जबड़े में गहरी और जटिल चोटें आई थीं। समय पर इलाज और सर्जरी के बाद अब बच्ची खतरे से बाहर है।
दुकानदार पर गंभीर आरोप
घटना के बाद परिजनों ने किराना दुकान संचालक के खिलाफ रामगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। शिकायत में बताया गया कि बच्ची अक्षु अपनी बड़ी बहन अहाना के साथ दुकान पर टॉफी लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार सुदील उर्फ काला पुत्र नत्थो ने बच्ची को बारूद या पटाखे वाली टॉफी दे दी। जैसे ही बच्ची ने टॉफी को मुंह में रखकर चबाया, उसमें मौजूद विस्फोटक पदार्थ के कारण मुंह के अंदर ही धमाका हो गया।
जांच के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। टॉफी में विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंची, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



