MP News : एम्स भोपाल लिफ्ट चेन स्नेचिंग का खुलासा, नर्सिंग छात्र निकला आरोपी, गर्लफ्रेंड पर खर्च, महंगे शौक और उधारी चुकाने की वारदात
MP News: AIIMS Bhopal lift chain snatching case revealed, nursing student turns out to be the accused, spending on girlfriend, expensive hobbies and paying off debts
MP News : भोपाल एम्स भोपाल में लिफ्ट के अंदर महिला कर्मचारी से मंगलसूत्र लूटकर फरार होने वाले आरोपी को बागसेवनिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नर्सिंग कॉलेज का तीसरे वर्ष का छात्र है, जिसने पैसों की जरूरत के चलते वारदात को अंजाम दिया।
24 जनवरी को एम्स में कार्यरत अटेंडेंट वर्षा सोनी लिफ्ट से जा रही थीं। इसी दौरान आरोपी लिफ्ट में सवार हुआ और दरवाजा खुलते ही उनके गले से मंगलसूत्र झपटकर सीढ़ियों के रास्ते फरार हो गया। घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को कटारा हिल्स के लहारपुर इलाके से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सुनील मीणा, निवासी बारा (राजस्थान) के रूप में हुई है, जो भोपाल में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने गर्लफ्रेंड पर खर्च, महंगे शौक और उधारी चुकाने के लिए लूट की बात कबूल की। उसने मंगलसूत्र मंडीदीप के एक सुनार को बेच दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर सुनार को भी आरोपी बनाया है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।



