Betul News : आमला काली जी विसर्जन चल समारोह में दो नाबालिग ने किया था पथराव, पुलिस ने किया खुलासा

Betul News: Two minors pelted stones at the Amla Kali Ji immersion procession, police revealed

प्रतीकात्मक फोटो

Betul News : बैतूल जिले के  थाना आमला पुलिस द्वारा काली जी के विसर्जन के दौरान चल समारोह में हुए पथराव की घटना का  खुलासा किया गया है। पुलिस ने इस प्रकरण में शामिल दो नाबालिग बालकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की है।

 पुलिस के मुताबिक 1 नवम्बर 2025 
 (शनिवार) को बोड़खी हवाई पट्टी पर विराजित काली जी की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस जनपद चौक होते हुए पीरमंजिल आमला पहुँचा था। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित थे।
पीरमंजिल चौक तिराहा पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पथराव कर दिया गया, जिसमें *प्रफुल्ल तोमर* नामक व्यक्ति के सिर में पत्थर लगा। इस पर कालीजी समिति एवं अन्य स्थानीय संगठनों द्वारा आक्रोश व्यक्त करते हुए अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिस पर थाना आमला में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 125 115 (2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक  वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री एस.के. सिंह के निर्देशन में थाना आमला द्वारा विवेचना प्रारंभ की गई।
 जांच के दौरान यह तथ्य सामने आये
पुलिस के मुताबिक घटना स्थल पर कक्षा 9वीं में अध्ययनरत लगभग 14 वर्ष आयु के दो नाबालिग बालकों के बीच आपसी कहासुनी एवं झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान वे दोनों सड़क पर गिर पड़े और अत्यधिक गुस्से में आकर सड़क पर पड़ी गिट्टियों/पत्थरों से एक-दूसरे पर पथराव करने लगे। बालकों के बीच आपसी विवाद से हुए इस पथराव में से ही एक पत्थर पीड़ित प्रफुल्ल तोमर को लग गया।  विवेचना में स्पष्ट पाया गया कि दोनों नाबालिगों का किसी भी प्रकार का साम्प्रदायिक या संगठित उद्देश्‍य नहीं था; वे दोनों गैर मुस्लिम समुदाय से संबंधित स्कूली छात्र थे और घटना पूरी तरह आपसी कहासुनी का परिणाम थी। दोनों नाबालिगों ने घटना को स्वीकार भी किया है। दोनों अपचारी बालकों को सूचना पत्र तामील किया जा चुका है एवं अभियोग पत्र माननीय न्यायालय बैतूल में प्रस्तुत किया जाएगा।
सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी आमला श्री राजेश सातनकर, उप निरीक्षक श्री बलराम यादव, सहायक उप निरीक्षक श्री राममोहन यादव एवं आर नागेंद्र सिंह तथा थाना स्टॉफ आमला की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन की आम जनता से अपील
 बैतूल पुलिस जिले में शांति, सौहार्द्र और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम जनता से अपील है कि किसी भी घटना को बिना सत्यापन के साम्प्रदायिक या अफवाह के रूप में न लें। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर भ्रामक सूचनाओं का प्रसार न करें और न ही इन पर विश्वास करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें। शांति एवं भाईचारे को बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button