Andhra Pradesh:; आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा: बस में लगी आग, 32 लोगों की दर्दनाक मौत

Andhra Pradesh: Major accident in Andhra Pradesh: Bus catches fire, 32 people die tragically

Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के कुरनूल ज़िले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर एक तेज़ रफ्तार बाइक और बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बस में सवार 32 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 12 यात्री किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

चीख-पुकार से दहला इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के कुछ ही सेकंड बाद बस धधक उठी। भीतर सवार यात्री मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि अधिकांश लोग बाहर नहीं निकल पाए। कुछ स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक स्थिति भयावह हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में हाहाकार मच गया।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। प्रशासन ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।

सीएम नायडू ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। नायडू ने अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए हैं।

जगन मोहन रेड्डी ने भी व्यक्त की संवेदना

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और सरकार को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मुआवजा राशि की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी कुरनूल हादसे को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल में बस में आग लगने की दुखद घटना में कई लोगों की मौत अत्यंत पीड़ाजनक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

मौतों से पसरा मातम

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे कुरनूल ज़िले में शोक की लहर दौड़ गई है। अस्पतालों और गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिजन अपने प्रियजनों की पहचान के लिए दर-दर भटक रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी और हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button