MP Weather Alert : मध्यप्रदेश के एक दर्जन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
MP Weather Alert: Alert of rain with thunder and lightning in a dozen districts of Madhya Pradesh

MP Weather Alert : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज, 16 अक्टूबर 2025 को देशभर से आधिकारिक रूप से विदाई ले ली है। हालांकि मानसून की वापसी के तुरंत बाद एक नया मौसमी तंत्र सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटो के दौरान एमपी के नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बन गई है।
मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में इस समय खरीफ की फसलें तैयार अवस्था में हैं और अधिकांश क्षेत्रों में कटाई का कार्य शुरू हो चुका है। लेकिन बादल छाने और संभावित बारिश के कारण किसानों को भारी नुकसान का अंदेशा सता रहा है। खेतों में खड़ी फसलें यदि भीग जाती हैं, तो दानों की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है, सड़न की स्थिति बन सकती है और उत्पादन पर सीधा प्रभाव पड़ता है। वहीं कट चुकी फसल यदि समय रहते सुरक्षित स्थानों पर नहीं पहुंचाई गई, तो वह भीगकर खराब हो सकती है।
बारिश की आशंका से कटाई और गहाई का काम बाधित हो सकता है, जिससे फसल खेत में ही खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके साथ ही खेतों में जलभराव होने पर अगली रबी फसलों की बुवाई भी प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए किसानों से सतर्क रहने और फसलों को यथासंभव सुरक्षित रखने की अपील की जा रही है।फिलहाल मौसम का रुख किसानों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है, और सभी की निगाहें अब अगले कुछ घंटों में होने वाली संभावित वर्षा पर टिकी हैं।



