MP News : एमपी में एक साथ 24 किन्नरो ने खाया जहर, सभी को अस्पताल में किया भर्ती
MP News: 24 transgender people consumed poison in MP, all were hospitalized.

MP News: इंदौर के नंदलालपुरा क्षेत्र में बुधवार शाम एक चिंताजनक घटना सामने आई, जहां करीब 24 किन्नरों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पी लिया। सभी को तत्काल महात्मा गांधी मेमोरियल (एमवाय) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत अब खतरे से बाहर है, हालांकि दो किन्नरों को आईसीयू में रखा गया है।
आपसी विवाद बन सकता है वजह
एडिशनल डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने बताया कि पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किन्नरों ने संभवतः फिनायल जैसा कोई जहरीला पदार्थ सेवन किया है। घटना के पीछे दो गुटों के बीच चल रहे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई गईं
सूचना मिलते ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया एमवाय अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सीएमएचओ को निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रभावितों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।
पुराना विवाद भी आया सामने
गौरतलब है कि इससे पहले भी किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले आपसी आरोप-प्रत्यारोप के चलते किन्नरों ने अन्नपूर्णा थाने का घेराव भी किया था। मामले की पहले जांच एसआईटी के तहत डीसीपी ऋषिकेश मीणा कर रहे थे, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद जांच की रफ्तार धीमी पड़ गई थी।
पुलिस जुटी है तह तक पहुंचने में
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के पीछे की असली वजह पता लगाने की कोशिश में जुटी है। प्रशासन ने समुदाय की सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।



