Betul News : राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान जैसे से चमकेंगे बैतूल के खेल ग्राउंड : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
Betul News: Betul's sports grounds will shine like national level sports grounds: BJP State President
Betul News: सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत बैतूल स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में बुधवार को क्लस्टर स्तरीय खेलों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर, विशिष्ट अतिथि बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, मप्र जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन नागर, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, सुधाकर पवार सहित कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन उपस्थित रहे। सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों ने भारत माता के छायाचित्र समक्ष दीप प्रज्वलित कर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाडियों ने मार्च पास्ट किया। तत्पश्चात जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रस्साकसी प्रतियोगिता में भाग लेकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से भेंट कर उनके उत्साह, समर्पण और खेल भावना को देखकर प्रसन्नता व्यक्ति की। इस दौरान विभिन्न खेलों जैसे रस्साकसी, कबड्डी, खो-खो, दौड़, वॉलीबॉल, पिट्टू, एथेलेटिक्स, आदि प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई।
सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम में विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी समाज या क्षेत्र का विकास केवल सड़क, भवन या डैम बन जाने से पूरा नहीं होता। जब तक समाज के प्रत्येक व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक विकास नहीं होगा, तब तक विकास अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी नई पीढ़ी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़े। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का यह निर्णय सराहनीय है कि सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि खेल एक ऐसा मंच है, जहां हर वर्ग, हर धर्म और हर विचारधारा के लोग एकजुट होते हैं। यह खेल ही हैं जो समाज में एकता और समरसता का संदेश देते हैं। उन्होंने घोषणा की कि आगामी समय में बैतूल जिले में फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी के राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बैतूल को खेलों का हब बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
बैतूल खेलों के क्षेत्र में अग्रणी जिलों में शामिल: श्री नागर
मध्यप्रदेश जन अभियान के परिषद उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का भारत क्षेत्र में देश को अग्रणी बनाने का एक बड़ा चिंतन है। पिछले 12 वर्षों से हमारे राष्ट्र ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। सभी क्षेत्र में प्रगति के साथ में खेल के क्षेत्र में भी मध्य प्रदेश निरंतर उन्नति कर रहा है। चाहे वह ओलंपिक हो या किसी भी प्रकार के अंतरराष्ट्रीय खेल हो, हमारा देश पदकों की तालिका में धीरे-धीरे ऊपर जा रहा है। “खेलो इंडिया खेलो” और “सांसद खेल महोत्सव” के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच मिला है, जिसके माध्यम से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा निखार रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेलों के साथ में स्वदेशी खेलों को भी शामिल किया है। “सांसद खेल महोत्सव” के माध्यम से खिलाड़ी इन खेलों को खेलकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि बैतूल जिला खेलों के लिए हमेशा अग्रणी जिलों में शामिल रहा है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल का दबदबा है। हमारे जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेलों में शिरकत की है। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेलों में बैतूल जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।



