Betul JH College Scholarship Scam : पीएमश्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जेएच कॉलेज छात्रवृत्ति घोटाले में एक आरोपी गिरफ्तार , अन्य आरोपियों की तलाश जारी

Betul JH College Scholarship Scam: One accused arrested in PM Shri College of Excellence JH College scholarship scam, search continues for other accused

Betul JH College Scholarship Scam:  बैतूल थाना गंज पुलिस ने जेएच कॉलेज (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हाक्सर शासकीय महाविद्यालय) में हुए बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

थाना गंज में  17 दिसंबर 2024 को प्राध्यापक (इतिहास) एवं तत्कालीन प्राचार्य श्रीमती विजेता चौबे निवासी सिविल लाइन, गंज बैतूल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार महालेखाकार, मध्यप्रदेश ग्वालियर द्वारा 9 अगस्त से 11 सितंबर 2024 तक कॉलेज का वर्ष 2019 से 2024 तक का ऑडिट किया गया।

ऑडिट में “गांव की बेटी योजना” के अंतर्गत ₹1.46 करोड़ की संदिग्ध छात्रवृत्ति भुगतान की अनियमितताएं सामने आईं। महालेखाकार की रिपोर्ट के आधार पर कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर बैतूल ने जांच दल गठित किया।

जांच में यह सामने आया कि कॉलेज के कर्मचारी —
1️⃣ दीपेश डेहरिया (कंप्यूटर ऑपरेटर)
2️⃣ प्रकाश बजारे (सहायक ग्रेड-2)
3️⃣ रिंकू पाटिल (सहायक ग्रेड-3)
ने मिलकर कूटरचित दस्तावेज़ एवं फर्जी बिल तैयार कर “गांव की बेटी योजना” के अंतर्गत शासकीय राशि को संदिग्ध बैंक खातों में जमा कर भ्रष्टाचार किया।

इस पर थाना गंज पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 420, 467, 468, 471, 409, 120-बी भादवि एवं धारा 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और कॉलेज जांच रिपोर्ट के आधार पर राकेश कुमार तिवारी (प्राचार्य) एवं विजेता चौबे (प्राचार्य) को भी अभियोजन में सम्मिलित किया गया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, आवास सहायता और पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक योजना के तहत कुल ₹2.43 करोड़ की राशि का गबन किया गया है।

आरोपी गिरफ्तार
सायबर सेल एवं मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी रिंकू पिता ताराचंद पाटिल (40 वर्ष), निवासी बैतूल को 07 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
वहीं, अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी बैतूल श्री सुनील लाटा, निरीक्षक नीरज पाल, प्रधान आरक्षक रामदास, प्रधान आरक्षक चंद्रकिशोर, आरक्षक लालसिंह, आरक्षक आकाश सेठिया, सायबर सेल आरक्षक दीपेंद्र, आरक्षक बलराम सिंह राजपूत एवं आरक्षक राजेंद्र धाडसे की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button