Betul Traffic Jam : कोठी बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, लगा महाजाम , कलेक्टर के निर्देश बेअसर

Betul Traffic Jam: Traffic system collapsed in Kothi Bazar, massive jam, Collector's instructions ineffective

Betul Traffic Jam :  सोमवार को बैतूल कोठी बाजार क्षेत्र जाम की गिरफ्त में रहा। हरतालिका तीज पर्व पर जहां महिलाओं की खरीदारी से बाजार गुलजार रहा, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो जाने से लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। सड़कें वाहनों और पैदल यात्रियों से पटी रहीं, ऊपर से सड़क किनारे लगी दुकानों ने हालात और बिगाड़ दिए।

कलेक्टर के आदेश धरे के धरे

महज दो-तीन दिन पहले कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और ट्रैफिक सुधारने के निर्देश दिए थे। लेकिन सोमवार की स्थिति ने सारे दावों की पोल खोल दी। लोग कह रहे थे – “कलेक्टर साहब के निरीक्षण का असर कहां गया?”

त्योहार पर रही भारी भीड़

हरतालिका तीज को लेकर सुबह से ही बाजार में रौनक रही। महिलाएं पूजा-सामग्री, कपड़े और गहनों की खरीदारी करती नजर आईं। लेकिन खरीदारी का यह उत्साह कुछ ही देर में परेशानी में बदल गया। मुख्य मार्ग पर जाम इस कदर बढ़ गया कि दोपहिया और चारपहिया वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते दिखे। कई जगह तो पैदल चलने वालों को भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा।

लोग बोले – “कहाँ है ट्रैफिक पुलिस?”

जाम से बेहाल नागरिकों का कहना था कि पूरे बाजार में ट्रैफिक पुलिस नजर ही नहीं आई। लोग अपने स्तर पर रास्ता बनाते रहे। एक व्यापारी ने नाराज़गी जताते हुए कहा – “त्योहार पर प्रशासन सिर्फ दिखावे के दौरे करता है, असल में कोई व्यवस्था सुधरती नहीं।”

अतिक्रमण बना सबसे बड़ी समस्या

सड़क किनारे दुकानों और अवैध ठेलों ने ट्रैफिक जाम की स्थिति और खराब कर दी। बाजार क्षेत्र में हर जगह कब्जा कर लिया गया, जिसके चलते सड़कें संकरी हो गईं और वाहन चालकों को मुश्किलें उठानी पड़ीं।

क्या होगा समाधान?

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन त्योहारों से पहले ही ठोस कदम उठाए, अतिक्रमण हटाए और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाए, तभी इस समस्या से निजात मिल सकेगी। अन्यथा हर त्योहार पर यही तस्वीर दोहराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button