MP News : भोपाल स्टेशन से लापता हुई कटनी की अर्चना तिवारी, 13 दिन बाद नेपाल सीमा के पास मिली
MP News: Archana Tiwari of Katni missing from Bhopal station, found near Nepal border after 13 days
MP News : मध्य प्रदेश के इंदौर से कटनी स्थित अपने घर जाने निकली युवती अर्चना तिवारी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। राजधानी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास अचानक उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिवार और पुलिस की चिंता बढ़ गई। अब 13 दिन बाद बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश जीआरपी की टीम ने उसे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नेपाल सीमा के पास से सकुशल बरामद कर लिया है।
इंदौर से कटनी लौट रही थी युवती
कटनी निवासी अर्चना तिवारी इंदौर के सत्कार छात्रावास में रहकर सिविल जज की तैयारी कर रही थी। रक्षाबंधन पर घर जाने के लिए वह 7 अगस्त को नर्मदा एक्सप्रेस के एसी कोच (बी-3) की सीट पर बैठी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक वह अपनी सीट पर दिखाई दी थी। इसके बाद अचानक वह लापता हो गई और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया।
परिवार और पुलिस की बढ़ी चिंता
युवती के अचानक लापता हो जाने से परिजनों में हड़कंप मच गया। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। खोजबीन के दौरान अर्चना के मोबाइल से एक ऐसा नंबर मिला, जिससे वह अक्सर संपर्क में रहती थी।
संदिग्ध नंबर से खुली नई कड़ी
जांच में पता चला कि यह नंबर ग्वालियर के एक थाने में पदस्थ आरक्षक राम तोमर का है। जीआरपी ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। राम तोमर ने यह स्वीकार किया कि वह अर्चना को जानता है, लेकिन उसका दावा था कि दोनों के बीच बातचीत सिर्फ एक केस के सिलसिले में हुई थी। हालांकि, पुलिस उसके बयान और अर्चना के गायब होने के बीच किसी संबंध की जांच कर रही है।
13 दिन बाद नेपाल सीमा से बरामद
लगातार तलाश के बाद जीआरपी टीम ने 13 दिन बाद अर्चना को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नेपाल सीमा के पास ढूंढ निकाला। सोमवार को टीम उसे भोपाल लेकर पहुंची। अब उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिनसे यह साफ हो सकेगा कि—
- इन 13 दिनों के दौरान वह कहां थी?
- क्या उसका अपहरण हुआ था या वह खुद कहीं चली गई थी?
- इस दौरान उसके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हुई? कई सवाल थे।
आधिकारिक खुलासा आज
भोपाल जीआरपी ने बताया कि युवती की बरामदगी के बाद मामले की सच्चाई सामने आने में कुछ ही समय लगेगा। उम्मीद है कि दोपहर तक उसकी गुमशुदगी से जुड़े तमाम सवालों का जवाब मिल जाएगा।



