Betul Crime News : बैतूल में हथियार बंद नकाबपोश बदमाशों ने 4 स्थानों पर किया चोरी का प्रयास, वार्डवासी जागे तो भाग निकले
Betul Crime News: Armed masked miscreants attempted theft at 4 places in Betul, fled when the ward residents woke up

Betul Crime News : बैतूल गंज क्षेत्र के शंकर नगर में रविवार की रात उस समय दहशत फैल गई जब आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने घरों और दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने का प्रयास किया। वार्डवासियों के जागने से बदमाश चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे पाए और भागने में कामयाब हो गए। वार्डवासियों ने इसकी सूचना रात में ही डायल-100 को दी। घटना के बाद से लोगों की नींद उड़ गई, वार्डवासी रात भर जागते रहे। पुलिस इस तरह की किसी प्रकार की घटना होने से इंकार कर रही है। ऐसा लग रहा है कि गंज थाना पुलिस अपनी नाकामी पर परदा डालने की कोशिश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गंज थाना क्षेत्र के शंकर नगर में रविवार आधी रात को लगभग 7-8 नकाबपोश बदमाशों ने हेमराम किराना, विजय किराना दुकान के ताले तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश ताले तोड़ने में सफल नहीं हो सके। शुभम जैन के घर की तोड़कर अंदर घूसने का प्रयास किया, लेकिन यहां लोग जागने के बाद बदमाश भाग गए। विवेक मालवीय के यहां भी ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। वार्डवासियों ने बताया कि चोरी का प्रयास करने वाले 7 से 8 नकाबपोश बदमाश थे जिनके हाथों में दंडे सहित कई हथियार मौजूद थे। जब वार्डवासी जाग गए तो बदमाश भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही डायल-100 भी मौके पर पहुंच गई थी। जब तक पुलिस पहुंचती बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस अपनी नाकामी पर डाल रही पर्दा
शंकर नगर में हथियार बंद नकाब पोश बदमाश घूमते रहे, लोगों ने डायल-100 को इसकी सूचना भी दी लेकिन गंज पुलिस को इसकी भनक तक नहीं है। इस पूरे मामले को लेकर गंज थाना प्रभारी सरविंद्र धुर्वे से चर्चा की तो उन्होंने इस तरह की किसी भी घटना के होने से साफ इंकार कर दिया। गंज थाना पुलिस ऐसी सफाई पेश कर रही है कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है, जबकि वार्डवासियों का कहना है कि 7-8 बदमाशों ने कई जगह चोरी को अंजाम देने की कोशिश की पर वह सफल नहीं हो पाए। वहीं रात्रिकालीन पुलिस गश्त पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे है।
पुलिस ने 4 संदिग्धों को उठाया
पुलिस भले ही घटना से नकार रही है, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के बाद पुलिस ने सोमवार सुबह ओझाढाने से 4 संदिग्धों को उठाया है। पुलिस पकड़े गए संदिग्धों से चोरी के प्रयासों के संबंध मे ंपूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि जब रात में घटना हुई, जिससे वार्डवासियों में आक्रोश देखने को मिला। वार्डवासियों के आक्रोश को देखते हुए संदिग्धों को आनन-फानन में उठाया ताकि लोगों के आक्रोश का कम किया जा सके। बताया जा रहा है कि जिन संदिग्धों को पुलिस ने थाने लाया है, इन पर पहले भी चोरी के कई आरोप लग चुके हैं। थाने लाए गए युवकों द्वारा रैकी की जाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। इसलिए इनसे पूछताछ में बड़ा खुलासा होने की संभावना है।
इनका कहना….
चोरी-डकैती जैसी कोई भी घटना की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है और ना ही हमने किसी को पकड़ा है।
सरविंद्र धुर्वे, टीआई गंज थाना, बैतूल



