Betul Today News: अपने पद का दुरुपयोग करने वाले जनपद पंचायत सदस्य को अपने पद से हटाया
Betul Today News: District member who misused his position was removed from his post
Betul Today News: बैतुल जिला पंचायत सीईओ जनपद सदस्य को अपने पद से हटा दिया है। जनपद सदस्य द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करने पर यह कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक इन्द्र कुमार घोडकी, जनपद सदस्य, जनपद पंचायत भैंसदेही के विरूद्व शिकायत प्राप्त हुई थी कि उनके द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम पंचायत आमला में लगायी गई ट्यूबवेल की मोटर अन्य सामग्री सहित अपने व्यक्तिगत लाभ हेतु इस्तेमाल करी जा रही थी जिससे ग्रामीणों को पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए श्री अक्षत जैन, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल द्वारा जांच करवाने पर पाया गया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत लगायी गई सामग्री – मोटर, केबल, पाईप एवं स्टार्टर आदि को श्री घोड़की द्वारा अपने निजी आवास पर आधिपत्य में रखा जा रहा था। उनके द्वारा अपने पद के तहत पंचायत पर दबाव डालते हुए सम्पूर्ण सामग्री को अपने व्यक्तिगत कार्यों हेतु उपयोग में लिया जा रहा था जिससे ग्राम की नल जल योजना नकारात्मक रूप से प्रभावित हो रही थी। उक्त कृत्य स्पष्ट रूप से शासकीय पद के दुरुपयोग की श्रेणी में आने कारण श्री अक्षत जैन, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल द्वारा उनके विरुद्ध पद से पृथक करने की कार्यवाही का अभिमत देते हुए प्रकरण अपर कलेक्टर (विहित प्राधिकारी) जिला बैतूल के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय द्वारा पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 40 के तहत प्रकरण में सुनवाई की गई। जिला पंचायत द्वारा रखे गए पक्ष की पुष्टि होने उपरांत न्यायालय द्वारा अधिनियम की धारा 40 (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्री इन्द्र कुमार घोडकी जनपद सदस्य, जनपद पंचायत भैंसदेही को जनपद सदस्य के पद से पृथक किया गया।


