
Betul Weather News: बैतूल मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को जिले के कई ब्लॉकों में तेज बारिश हुई। रविवार सुबह भी जिला मुख्यालय पर तेज बारिश होना शुरू हो गई। दोपहर तक झमाझम बारिश होते रही। एक हफ्ते से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई नदी, नाले में बाढ़ आ गई है। अगले 24 घंटे के दौरान बैतूल में तेज से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी है। रविवार सुबह 10 बजे से झमाझम बारिश होना शुरू हो गई। दोपहर 1 बजे तक तेज बारिश होते रही। बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। सावन के महीने में पहली बार जिला मुख्यालय पर झमाझम बारिश हुई है। हालांकि दोपहर 1 बजे के बाद बारिश की रफ्तार कम हो गई। दिन भर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के कारण कई जगह नदियों में बाढ़ आने के समाचार भी प्राप्त हुए है। तेज बारिश होने से दिन भर लोग घरों में दुबके रहे। रविवार होने के कारण पूरे दिन घरों में कैद रहे। उधर सारणी के सतपुड़ा डैम में लगातार बारिश के 11 में से 7 गेट को 4-4 फीट तक खोलना पड़ा है। बैतूल मुख्यालय पर रविवार सुबह से शाम तक 43.3 मिमी बारिश हुई है।
घोड़ाडोंगरी में 35 और शाहपुर में 33 मिमी बारिश
शनिवार से रविवार सुबह 8 बजे तक जिले के घोड़ाडोंंगरी और शाहपुर ब्लॉक में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह 8 बजे तक बैतूल में 22.8, घोड़ाडोंगरी 35.0, चिचोली 28.0, शाहपुर 33.0, मुलताई 26.0 प्रभातपट्टन 19.4, आमला 25.0, भैंसदेही 20.0, आठनेर 11.3, भीमपुर में 10.0 मिमी बारिश दर्ज की है। अब तक जिले में 439.4 मिमी बारिश दर्ज की है।
बारिश से डे्रेनेज सिस्टम फेल
रविवार सुबह हुई तेज बारिश से शहर में कई जगह ड्रेनेज सिस्टम फेल हो गया। जगह-जगह शहर के प्रमुख मार्गो पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। बारिश से नगरपालिका के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल गई। बारिश के पूर्व नगरपालिका को बारिश के पानी की निकासी के लिए व्यवस्था बनानी थी, लेकिन पर्याप्त पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कई जगह जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। कालापाठा मार्ग पर भी कई जगह जलभराव हो गया था। कॉलेज चौक पर बारिश के दिनों में जल भराव हो जाता है। कोठीबाजार पेट्रोल पंप के पास पानी निकासी नहीं होने से जल भराव की स्थिति निर्मित हो जाती है।
24 घंटे में हुई 3 इंच बारिश, खोले सतपुड़ा डेम के 7 गेट
पहाड़ी क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौरा जारी है। बीते 24 घंटे में सारणी और आसपास के क्षेत्र में 77 मिनी यानी की 3 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। इसी के साथ बारिश का आंकड़ा बढ़कर 667 मिनी पर पहुंच गया है। बीते चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते जलाशय का लेवल लगातार बढ़ रहा है। जिसे मेंटेन करने सतपुड़ा डैम के 7 गेट दो-दो फीट की ऊंचाई पर खोल दिए हैं। जिसे तवा नदी में प्रति सेकंड करीब 11000 कि उसे पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय से पानी छोड़ते ही तवा नदी में बाढ़ जैसे हालात है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सतपुड़ा जलाशय की जल भरण क्षमता 1433 फीट है। लेकिन यह लेवल 15 सितंबर के बाद मेंटेन किया जाता है। फिलहाल जलाशय का लेवल 1430 फीट मेंटेन किया जा रहा है। क्षेत्र में सामान्य वर्षा 1500 मिलीमीटर है। जबकि 28 जुलाई तक 667 मिलीमीटर यानी लगभग 26 इंच बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। रविवार सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसके चलते औद्योगिक नगरी और आसपास के सभी नदी नाले ऊफान पर हैं।
ब्लाक कुल बारिश इंचबैतूल 16
घोड़ाडोंगरी। 17
चिचोली 20
शाहपुर 21
मुलताई 15
पट्टन 13
आमला 24
भैसदेही 16
आठनेर 14
भीमपुर 15