PMSHRI AND CM RISE SCHOOL: बैतूल को एक और पीएमश्री और सीएम राइज स्कूल की मिली सौगात, अब जिले में इतने हो गए स्कूल
PMSHRI AND CM RISE SCHOOL: Betul got the gift of another PM Shri and CM Rise School, now there are so many schools in the district
PMSHRI AND CM RISE SCHOOL: बैतूल सरकारी स्कूलों में बेहतर पढ़ाई की सुविधा को लेकर केन्द्र से लेकर राज्य सरकार नए सिरे से काम कर रही है। राज्य शासन ने जिले में सीएम राईज स्कूलों की शुरूआत की तो केन्द्र ने पीएमश्री स्कूलों को खोला है। राज्य सरकार सीएम राईज स्कूल और केन्द्र सरकार पीएमश्री स्कूलों में सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। कुल मिलाकर सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था की कवायद की जा रही है। जिलेवासियों के लिए खुशी की बात है कि इस सत्र से एक और सीएम राईज और पीएम श्री स्कूल की शुरूआत हो गई है। सीएम राईज और पीएम राईज स्कूल की संख्या में अब इजाफा हो गया है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले में अब तक 10 सीएम राईज स्कूल संचालित है, जिसमें 7 आदिम जाति कल्याण विभाग और तीन सीएम राईज स्कूल एजुकेशन विभाग के पास में है, लेकिन इस सत्र से एक और सीएम राईज स्कूल की शुरूआत होगी। जिला शिक्षा कार्यालय के योजना अधिकारी सुबोध शर्मा ने बताया कि सत्र 2024-25 के लिए विकासखंड प्रभातपट्टन में उत्कृष्ट विद्यालय को सीएम राईज स्कूल बनाया गया है। अब सीएम राईज स्कूलों की जिले में संख्या बढ़कर 11 हो गई है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही है। सीएम राईज स्कूल के नए भवनों का निर्माण हो रहा, साथ ही इन स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अच्छी लाइब्रेरी, बैठने की उत्तम व्यवस्था, अनुभवी शिक्षकों की सुविधा, आने-जाने के लिए निजी स्कूलों की तरह बस सुविधा सहित अन्य सुविधाएं दी जा रही है। देखा जाए तो सीएम राईज स्कूलों के परीक्षा परिणाम भी इस बार बेहतर रहे है। जिले में तीन सीएम राईज स्कूल भवनों का निर्माण कार्य जारी है। इस भवन का निर्माण कार्य कुछ ही महीनों में पूरा होने की संभावना है।
जिले में 20 पीएम श्री स्कूल संचालित
केन्द्र की योजना के तहत जिले में अब 20 पीएमश्री स्कूल हो गए है। इन स्कूलों में भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्राप्त होगी। इन स्कूलों में केन्द्र सरकार द्वारा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार जिले में कुल 19 पीएमश्री स्कूल संचालित है। इस वर्ष नए सत्र से एक और पीएमश्री स्कूल की शुरूआत हो गई। इस तरह से पीएमश्री स्कूलों की संख्या बढ़कर 20 पर पहुंच गई है। इन स्कूलों में भी केन्द्र सरकार की तरफ से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने की कवायद की जा रही है। अभी इन स्कूलों में बस सेवा की शुरूआत नही हो पाई है। अधिकारियों का कहना है कि पीएमश्री स्कूलों की अभी शुरूआत हुई है। इन स्कूलों में भी विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगेगी।
इनका कहना…
जिले में सीएम राईज स्कूलों की संख्या 11 और पीएमश्री स्कूलों की संख्या 20 पर पहुंच गई है। इस सत्र से एक पीएमश्री और एक सीएम राईज स्कूल की शुरूआत हो गई है।
सुबोध शर्मा, योजना अधिकारी, जिला शिक्षा कार्यालय, बैतूल



