Betul Road Accident: बैतूल नागपुर-बैतूल हाईवे पर दनोरा के पास गुरूवार की रात को भीषण सड़क हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों से चक्काजाम खत्म करने के लिए कहा, लेकिन ग्रामीण कलेक्टर को मौके पर आने के बाद चक्काजाम खत्म करने की बात कह रहे थे। ग्रामीणों के आक्रोश देखते हुए मौके पर कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी, अपर कलेक्टर , एसडीएम, तहसीलदार, एएसपी कमला जोशी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर के सामने कई मांगे रखी। कलेक्टर के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया। चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली और गंज थाना सहित पुलिस लाईन का बल बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गया था।
कलेक्टर ने अंडरपास बनाने का दिया आश्वासन
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश था। हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि धनोरा जोड़ के पास अंडरपास मार्ग बनाया जाए, ताकि आने-जाने में सुविधा हो। अभी हाईवे की जो नक्शा बनाया गया है, वह सही नहीं है। धनोरा जोड़ के पास पिछले एक पखवाड़े में आधा दर्जन सड़क हादसे हो गए है। ग्रामीणों की मांग है कि गलत तरीके से बनाए गए हाईवे को सही किया जाए, ताकि आए दिनों दुर्घटना न हो। मौके पर पहुंचे कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वत किया कि जितनी भी समस्या आ रही है उसका जल्द समाधान किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि एनएचआई के अधिकारियों को बुलाकर जल्द ही मार्ग सुधारने और अंडरपास मार्ग बनाने को लेकर चर्चा करेंगे। कलेक्टर के ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया। चक्काजाम खत्म होते ही अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। सुबह 11 बजे से चक्काजाम शुरू हुआ जो 12.30 बजे तक ग्रामीण हाईवे पर प्रदर्शन करते रहे, लगभग डेढ़ घंटे तक चक्काजाम जारी रहा।
हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत
गुरूवार की रात को धनोरा जोड़ के पास हुए सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौ हो गई है। अब मृतकों की संख्या बढ़कर तीन पर पहुंच गई। उल्लेखनीय है कि गुरूवार की रात को धनोरा जोड़ के पास डीजे का वाहन हाईवे के डिवाईडर से टकराकर पलट गया। डीजे वाहन में सवार तीन लोग वाहन के नीचे दब गए थे। सड़क हादसे की जानकारी लगते ही ग्राम धनोरा के ग्रामीण बचाव के लिए मौके पर पहुंच गए। डीजे वाहन के नीचे दबे लोगों को ग्रामीण बाहर निकाल रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार से एक टवेरा वाहन आया और बचाव कार्य कर रहे ग्रामीणों को रौंदते आगे निकल गया। इस हादसे में धनोरा निवासी बाबा राव पिता संपतराव सोनारे (50) और पंकज पिता रामप्रसाद मसतकर (24) की मौके पर ही मौत हो गई, हादसे में 7 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती किया गया। अस्पताल में भर्ती घायल धनोरा निवासी शिवप्रसाद पिता नत्थू सरले (55) की उपचार के दौरान मौत हो गई। अब मृतकों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है।
7 घायलों का उपचार जारी
सड़क हादसे में अभी 7 लोग घायल है। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। जिसमें 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में आशीष सरियाम (25) निवासी बोरीखापा, अरूण पिता संतोष उईके (22) निवासी थावड़ी, अजय पिता माटूलाल मर्सकोले (30) निवासी गोराखार, अशोक पिता भूरा मसतकर निवासी धनोरा, राजा पिता नाटू सरले (28) निवासी धनोरा, सुमित पिता शिव सरले निवासी धनोरा शामिल है। सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।