Betul Crime News Today: बदमाशों ने ढाबा संचालकों को लाठियों से बेरहमी पीटा, इधर युवक पर किया धारधार चाकू से हमला

Betul Crime News Today: Miscreants beat the dhaba operators mercilessly with sticks, here the young man was attacked with a sharp knife.

Betul Crime News Today: बैतूल जिले में अपराधियों में कानून व्यवस्था का खौफ कितना बाकी बचा है। इसका अंदाजा सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो को देख कर लगाया जा सकता है, जिसमें 4 से 5 युवक अपने हाथों में हाउस पाइप और लाठी लिए 2 ढाबा संचालक भाइयों को जानवरों की तरह पीटते नजर आ रहे हैं। आरोपियों के सिर पर खून इतना सवार था कि उन्होंने बेदम होते तक इन दोनों की पिटाई की है। घटना चिचोली थाने के अंतर्गत आने वाले जीन दनोरा के पास स्थित एक ढाबे की बताई जा रही है। हाइवे फोरलेन के किनारे संचालित इस ढाबे के सामने बेरहमी से की अंजाम दी जाने वाली यह घटना जिसने भी देखा वही दहशत में आ गया। पुलिस ने  शिकायत के बाद तीन आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी पर जिस तरह से आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया है उससे यह तो साफ नजर आ रहा है कि अपराधियों में ना ही पुलिस का कोई खौफ है। ना ही जिले में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज बची हुई है। समझा जा सकता है कि जिसने भी यह वीडियो देखा होगा उसकी मन: स्थिति क्या होगी।  दहशत से सराबोर इस घटना ने पुलिस की छवि पर भी बट्टा लगाने का काम किया है।

शराब बेचने को लेकर बताया जा रहा विवाद
इस पूरी घटना को लेकर नाम ना प्रकाशित करने की शर्त पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मारपीट करने वाले आरोपी ढाबा संचालक पर अपनी शराब बेचे जाने का दबाव बना रहे थे। इससे लगातार इनकार करने के बाद दो लोगों को बेदम होने तक पीटा गया। वीडियो में स्पस्ट देखा जा सकता है कि आरोपीयों के सिर पर खून सवार था। एक व्यक्ति को चार चार लोग मिलकर पीट रहे थे। इससे उनकी जान भी जा सकती थी। जानकारी मिली है कि घटना में बुरी तरह घायल हो चुके रविकांत और उमाकांत को नागपुर रेफर किया गया है। जहां उनकी हालत गम्भीर बनी हुई है।
पुलिस ने बना दिया काउंटर केस, नहीं लगाई 307
दिल को दहला देने वाली इस घटना में पुलिस का  शर्मनाक और  ढुलमुल रवैया  भी देखने को मिला है। चिचोली टीआई गोपाल घोंसले ने यह घटना 27 या फिर 29 दिसम्बर का होना बताया है। यानी कि पुलिस के मुताबिक इस घटना को घटित  9 या 7 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मामले को इतने दिनों तक लटकाया जाता रहा है। टीआई का कहना है कि घटना में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इन्हें जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि वीडियो में एक पक्ष मारपीट पर उतारू है तो दूसरा पक्ष अपना बचाव तक नहीं कर पा रहा बावजूद इसके पुलिस ने दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। टी आई का कहना है कि फरियादी उमाकांत और रवि कांत की शिकायत पर आरोपी ब्रजेश, विक्की कहार, धीरज और एक अन्य के खिलाफ धारा 323,324,294,506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है, लेकिन मरते दम तक मार खाने के बावजूद पुलिस का धारा 307 ना लगाना सवाल भी खड़े कर रहा है। मारपीट की घटना को अंजाम देने वाले ब्रजेश की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रविकांत और उमाकान्त के खिलाफ धारा 294, 323, 506,34 का प्रकरण दर्ज किया है। हालांकि टीआई ने धाराएं बढ़ाए जाने की भी बात कही है। जो भी है, लेकिन इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस कि छवि को जरूर अपराधियों ने चुनौती दे दी है।
इनका कहना…..
प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। प्रकरण में धारा बढ़ाई जा सकती है। आरोपियों को जल्द न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गोपाल घासले, टीआई थाना चिचोली
युवक पर चाकू से किया जानलेवा हमला
बैतूल। शाहपुर थाना क्षेत्र के आमढाना में भाई ने भाई पर चाकू से हमला कर दिया। घायल अवस्था में युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती किया है। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान आए है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आमढाना निवासी मुकेश उईके पर बड़े भाई दीपक उईके ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमला करने पर मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भर्ती किया, यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घरेलू विवाद के कारण दोनों भाईयों के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है। दोनों भाईयों के बीच बुधवार की शाम को विवाद इतना अधिक हो गया कि बड़े भाई ने छोटे पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के सिर और पेट पर गंभीर चोट के निशान आए है। एम्बुलेंस की सहायता से युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि विवाद किस कारण से हुआ है। आरोपी और फरियादी से पूछताछ करने के बाद ही घटना के संबंध में जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल विवाद की पुलिस जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button