Betul Crime News: दिन दहाड़े चोरी करते युवक को पकड़ा, बिजली पोल से बांध कर रखा, समय पर नही पहुँची पुलिस
Betul Crime News: Youth caught stealing in broad daylight, tied to electric pole, police did not reach on time
Betul Crime News: कोतवाली थानाक्षेत्र के ग्राम कनारा में दिनदहाड़े चोरी करने वाले चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। चोर को विद्युत पोल से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कनारा निवासी अनिल धुर्वे के यहां चोर दिन दहाड़े घर में घुसा और घर से चावल की कट्टी ले जाने लगा। कुछ महिलाओं ने युवक को चोरी करते हुए देख लिया और जोर-जोर से आवाज लगाई। चोर अपने साथी के साथ चावल की कट्टी लेकर भाग रहा था, तभी ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और दूसरा साथी युवक भागने में सफल हो गया। चोरी की घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने चोर को गांव में ही बिजली पोल से बांध दिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।
घटना की जानकारी डायल-100 को दी। जब तक डायल-100 पहुंचती ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई के डर से चोर को छोड़ दिया। हालांकि इस मामले में डायल-100 पुलिस ने चोरी के मामले में ग्रामीणों के बयान दर्ज करने की जानकारी सामने आई है। इस घटना को लेकर कोतवाली और खेड़ी चौकी पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने जब चोर को चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा और कुछ देर तक पोल से बांधकर रखा ग्रामीणों को यह डर लगा कि कही चोर को बांधने के मामले में उन्हीं के ऊपर कार्रवाई न हो जाए, इसलिए चोर को छोड़ दिया। दो घंटे से अधिक समय के बाद डायल-100 मौके पर पहुंची पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग पाया। चोर को पकड़ने के मामले में बयान दर्ज करने की बात सामने आई है। चोरी करते पकड़ा गया युवक बैतूल निवासी होना बताया जा रहा है। इस मामले में खेड़ीसांवलीगढ़ चौकी प्रभारी इरफान कुरैशी ने बताया कि हमने किसी भी चोर को नहीं पकड़ा है और न ही चोर को पकड़ने की कोई जानकारी सामने आई है। इधर कोतवाली थाना प्रभारी ने भी चोर को पकड़ने को लेकर किसी प्रकार की कोई जानकारी होने से इंकार कर दिया। चोर को रंगेहाथों पकड़ा है, जिसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। दिन दहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देने और चोर को पकड़ने की सूचना पुलिस को देने के बावजूद भी पुलिस समय पर नहीं पहुंची और न ही चोर को पकड़ा। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस आचार संहिता के चलते अपने आप को मुस्तैद होना बता रही है, लेकिन ग्राम कनारा गांव में हुई चोरी की घटना के बाद समय पर पुलिस के नहीं पहुंचने से पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



