Betul: रैफर होने पर प्रसूता के साथ पार्टोग्राफ अनिवार्य रूप से भेजा जाए- कलेक्टर

partograph news betul
बैतूल, जिले की सामुदायिक स्वास्थ्य संस्थाओं में होने वाले प्रसव के मामलों को अनावश्यक रैफर करने की व्यवस्था पर नियंत्रण किया जाएगा। अब प्रत्येक रैफर प्रकरण में प्रसूता का पार्टोग्राफ आवश्यक रूप से रैफर किए जाने वाले अस्पताल को भेजना होगा। पार्टोग्राफ एक प्रिंटेड पैराग्राफ होता है जो प्रसव के विभिन्न चरणों को प्रस्तुत करता है। सोमवार को आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों से प्रसवों के रैफरल मामलों की गहन समीक्षा की गई। साथ ही प्रसव के दौरान प्रसूताओं की हुई मौत के कारणों की भी बारीकी से छानबीन की गई। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा गया कि वे प्रत्येक प्रसव के मामले का पार्टोग्राफ तैयार करें एवं यह सुनिश्चित करें कि सामुदायिक स्वास्थ्य संस्था से या जिला अस्पताल से प्रसव के मामले अनावश्यक अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं को रैफर न किए जाएं।
बैठक में कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने एवं शासकीय संस्थाओं में शत प्रतिशत सुरक्षित प्रसव संपन्न कराने के लिए स्टाफ को आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया गया।



