Betul News : सरकारी आठनेर कॉलेज में महाघोटाला, फर्जी दस्तावेज लगाकर शासन की योजना का उठा रहे लाभ!
जिला मुख्यालय से रोजाना आवाजाही करने वाले शिक्षक ब्लॉक मुख्यालय में रहने का ले रहे लाभ, प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल, आरटीआई में जानकारी देने से कॉलेज प्रशासन का इनकार
Betul News : बैतूल में सरकारी नौकरी में नियमों की अनदेखी और शासन की सुविधाओं का कथित तौर पर गलत लाभ उठाने का मामला आठनेर के शासकीय महाविद्यालय में सामने आया है। आरोप हैं कि कॉलेज के कुछ शिक्षक ब्लॉक मुख्यालय पर निवास नहीं करते, बल्कि प्रतिदिन जिला मुख्यालय बैतूल से करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय कर कॉलेज आते-जाते हैं। इसके बावजूद शासन से किराया संबंधी लाभ लेने के लिए ब्लॉक मुख्यालय के पते पर किरायानामा लगाए जाने की बात सामने आई है। यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला हो सकता है। हैरानी की बात यह है कि जिस कॉलेज में नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी प्राचार्य की है, उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ब्लॉक मुख्यालय पर निवास की शर्त, फिर भी जिला मुख्यालय से आवाजाही
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कॉलेज के करीब आधा दर्जन शिक्षक प्रतिदिन जिला मुख्यालय बैतूल से आठनेर आना-जाना करते हैं। जबकि शासन के निर्देशों के अनुसार संबंधित शिक्षकों को ब्लॉक मुख्यालय पर निवास करना जरूरी बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब शिक्षक ब्लॉक मुख्यालय पर निवास ही नहीं कर रहे तो उन्हें वहां रहने के नाम पर मिलने वाली सुविधाओं का लाभ किस आधार पर दिया जा रहा है? क्या संबंधित शिक्षकों के निवास की वास्तविक स्थिति का कभी भौतिक सत्यापन किया गया? यदि सत्यापन हुआ तो क्या उसमें किरायानामों और वास्तविक निवास की जानकारी का मिलान किया गया?
किरायानामा लगाकर लाभ लेने का आरोप
मामले का दूसरा गंभीर पहलू किरायानामों से जुड़ा है। आरोप है कि कुछ शिक्षक ब्लॉक मुख्यालय पर वास्तव में किराये से नहीं रहते, लेकिन शासन से किराये संबंधी लाभ लेने के लिए किरायानामा प्रस्तुत कर रहे हैं। यदि ऐसा है तो यह केवल नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि सरकारी सुविधा प्राप्त करने के लिए दस्तावेजों की सत्यता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। इस पूरे मामले में यह जांच जरूरी है कि प्रस्तुत किरायानामे वास्तविक हैं या केवल सरकारी लाभ लेने के उद्देश्य से तैयार कराए गए हैं। संबंधित शिक्षकों के निवास स्थान, किराये के भुगतान और दस्तावेजों का मिलान होने पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्राचार्य की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में
कॉलेज की प्राचार्य के संबंध में भी जिला मुख्यालय से कॉलेज आने-जाने की बात सामने आई है। यदि ब्लॉक मुख्यालय पर निवास के निर्देश लागू हैं तो उनकी स्थिति की भी जांच होनी चाहिए। आखिर जब कॉलेज के जिम्मेदार अधिकारी ही ब्लॉक मुख्यालय पर निवास नहीं कर रहे हैं तो अन्य कर्मचारियों से नियमों के पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है? संस्थान में नियमों की निगरानी और जवाबदेही तय करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
आरटीआई में जानकारी मांगने पर भी नहीं मिला जवाब
इस मामले में पारदर्शिता की स्थिति भी सवालों के घेरे में है। किरायानामों और संबंधित दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त करने के लिए सूचना के अधिकार के तहत आवेदन किया गया, लेकिन आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। यदि सभी दस्तावेज सही हैं और शासन के नियमों के अनुसार लाभ लिया जा रहा है तो संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने में परेशानी क्यों होनी चाहिए? दस्तावेजों को लेकर पारदर्शिता बरतने के बजाय जानकारी रोकने से संदेह और गहरा रहा है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, जांच के नाम पर क्या हो रही खानापूर्ति?
इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां भी सही जानकारी उपलब्ध कराने के बजाय भ्रामक जानकारी दी जा रही है। ऐसे में शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। जरूरत है कि मामले को केवल औपचारिक जवाब देकर बंद करने के बजाय स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
कमेटी बनाकर हो दस्तावेजों और निवास का भौतिक सत्यापन
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च अधिकारियों की कमेटी गठित की जानी चाहिए। कमेटी संबंधित शिक्षकों और प्राचार्य के वास्तविक निवास स्थान का भौतिक सत्यापन करे। प्रस्तुत किरायानामों, किराया भुगतान और शासन से लिए गए लाभ का रिकॉर्ड खंगाला जाए। यदि दस्तावेजों में गड़बड़ी या नियमों के विरुद्ध सरकारी लाभ लेने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। सरकारी संस्थान में नियम केवल आम नागरिकों और छोटे कर्मचारियों के लिए नहीं हो सकते। यदि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही नियमों को दरकिनार कर रहे हैं तो इसकी जवाबदेही तय करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इनका कहना है…..
मामला आपने मेरे संज्ञान में लाया है। अगर गलत दस्तावेज लागकर किराया ले रहे है तो गलत है। मैं इस मामले की जांच करवाती हु। सभी शिक्षकों से अगले दो-तीन वर्ष का किरायानामा मांगा जाएगा ऒर मौके पर जानकर भी देखेगे।
मीनाक्षी चौबे प्राचार्य पीएम श्री जेएच कालेज बैतूल
सभी शिक्षक ब्लॉक मुख्यालय पर रहते हैं। नाम पति की जानकारी गुप्त रहती है इसलिए इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। सभी का किरायानामा जमा है और सही तरीके से लाभ ले रहे है।
सरोज पाटिल प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय आठनेर
Betul News : बैतूल में


