Betul News : बैतूल में चाकूबाजी के मामले में तथाकथित हिंदू नेता भवानी गावड़े सहित तीन पर FIR दर्ज, घायल युवक ने लगाए गंभीर आरोप
बीजेपी कार्यालय के पास अंडरब्रिज के नजदीक हुई थी मारपीट; चाकू और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का वीडियो भी हुआ वायरल
Betul News : बैतूल शहर में बीजेपी कार्यालय के समीप अंडरब्रिज के पास एक युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी के मामले में गंज पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। *आरोपियों में कथित हिंदू नेता भवानी गावड़े पिता शिवरतन गावड़े का नाम भी शामिल है।* घायल युवक रितिक झरखड़े की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी रितिक झरखड़े (24 वर्ष), पिता जगदीश झरखड़े, निवासी पवार चौक, बैतूल बाजार, बैतूल में पार्सल का काम करता है। रितिक ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह गंज से बैतूल बाजार जा रहा था। इसी दौरान बीजेपी कार्यालय के आगे सड़क किनारे अंडरब्रिज के पास भवानी गावड़े, अनुराग काटोलकर और नवीन राठौर उसके पास पहुंचे।
*पुरानी रंजिश को लेकर विवाद, चाकू और रॉड से हमले का आरोप*
रितिक के मुताबिक, नवीन राठौर से उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी बात को लेकर तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि नवीन राठौर ने चाकू से हमला किया, जिससे उसके बाएं हाथ की अंगुली में चोट आई। वहीं अनुराग काटोलकर ने लोहे की रॉड से हमला कर उसके माथे पर चोट पहुंचाई। इसके बाद भवानी गावड़े ने उसे पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागने के दौरान तीनों ने उसे अगली बार जान से खत्म करने की धमकी दी।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद रितिक पहले बैतूल बाजार थाने पहुंचा और अपने भाई निहाल झरखड़े एवं यशपाल को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने गंज थाने पहुंचा, लेकिन अधिक खून बहने और चक्कर आने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उसने गंज थाने पहुंचकर विधिवत शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाने में जातिसूचक टिप्पणी और धमकी देने का वीडियो भी वायरल
इस मामले में एक अन्य घटनाक्रम भी सामने आया है। आरोप है कि मारपीट की घटना के बाद भवानी गावड़े और अवैध कच्ची शराब कारोबारी सतनाम सिंह बावरा गंज थाने पहुंचे थे, जहां घायल युवक रितिक झरखड़े के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। फरियादी द्वारा इस घटनाक्रम का वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस घटनाक्रम में जातिसूचक टिप्पणी को लेकर अलग से कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर बढ़ सकती हैं धाराएं
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल मारपीट और धमकी के मामले में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घायल युवक की जिला अस्पताल से प्राप्त होने वाली मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चाकू से हुए हमले और चोटों की प्रकृति की जांच के बाद धाराओं में बढ़ोतरी भी संभव है।
वहीं, फरियादी के अनुसूचित जाति वर्ग से होने की बात सामने आने के बाद उसके जाति प्रमाण-पत्र एवं शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की संभावना भी जांच के दायरे में है।



