Betul News : बैतूल में बनेगा गुड़ कलस्टर, अधिसूचना जारी किसानों को मिलेगा फायदा, मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
जिले वासियों को मिलेंगे रोजगार के अवसर, किसानों को भी होगा फायदा
Betul News : बैतूल जिले में अब धीरे-धीरे उद्योगों की शुरूआत होने वाली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के प्रयासों से जिलों में उद्योग स्थापित होंगे। जिला मुख्यालय से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर उड़दन में गुड़ कलस्टर बनने जा रहा है। इसकी शासन की तरफ से अधिसूचना भी जारी हो गई है। गुड़ कलस्टर बनने से जिले के किसानों को फायदा मिलेगा। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के 18 जिलों में औद्योगिक क्षेत्र बनाए जा रहे है। जिसके तहत बैतूल में भी गुड़ कलस्टर बनेगा। इसके लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। उद्योगों से स्थानीय संसाधनों एवं उद्यमशिलता को प्रोत्साहन मिलेगा। रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे, क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा।
जानकारी के अनुसार बैतूल के उड़दन में गुड़ कलस्टर बनने के बाद किसान गन्ना लाकर आधुनिक मशीनों से गुड़ बना सकेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
ग्राम उड़दन में देखी जगह
जानकारी मिली है कि उड़दन में गुड़ कलस्टर के लिए 5 एकड़ से अधिक जमीन को चिन्हित किया गया है। गुड़ कलस्टर बनाने की घोषणा दिसम्बर 2025 में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा की गई थी। इस योजना से जहां एक ओर किसान लाभान्वित होंगे वहीं दूसरी ओर गुड़ का उपयोग करने वालों को उचित मापदंड पर गुड़ प्राप्त होगा। यहां पर गन्ना रस निकालने के लिए आधुनिक कृषि प्लांट लगाए जाएंगे जिससे गन्ने से रस निकालने की क्षमता और उत्पादकता में वृद्धि होगी। यहां कोल्ड स्टोरेज का निर्माण भी किया जाएगा जिससे लंबे समय तक गुड़ स्टोर करके रखा जाएगा। गुड़ कलस्टर के लिए 32 करोड़ 57 लाख 27 हजार की राशि खर्च होगी। केन्द्र और राज्य सरकारें मिलकर काम करने वाली है।



