Betul News : प्रारूप निर्वाचक नामावली का हुआ प्रकाशन, जिले में अब 12.30 लाख से अधिक मतदाता,चार नवीन मतदान केंद्र बनाए गए

12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

Betul News : बैतूल में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत गुरुवार को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर इसकी एक- एक प्रतियां एवं फोटो रहित मतदाता सूची की डीवीडी सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई तथा सभी मतदान केंद्रों के लिए बीएलए की नियुक्ति शीघ्र करने के लिए आग्रह किया गया।

प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार जिले में अब कुल 12 लाख 30 हजार 531 मतदाता हैं। इनमें 6 लाख 24 हजार 691 पुरुष तथा 6 लाख 5 हजार 830 महिला मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 1 हजार 762 मतदान केंद्र निर्धारित हैं।
11 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी दावे-आपत्तियां
बैठक में बताया गया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली पर दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 12 नवंबर से 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।

चार नवीन मतदान केंद्र बनाए गए

जिले में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के पश्चात चार नवीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मुलताई विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-129 के छिंदखेड़ा एवं चिचखेड़ा तथा बैतूल विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-131 के सिंगनवाडी एवं नायक चारसी शामिल हैं।

 

पुनरीक्षण अभियान में मिले 20 हजार 573 आवेदन

बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत 28 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक छूटे हुए मतदाताओं, पहली बार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान फार्म-6 में 10 हजार 7, फार्म-7 में 2 हजार 462 तथा फार्म-8 में 8 हजार 104 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 20 हजार 573 आवेदन प्राप्त किए गए।
प्रारूप निर्वाचक नामावली में नए मतदाताओं के रूप में 25 हजार 908 नाम जोड़े गए, जबकि 8 हजार 544 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए तथा 32 हजार 665 मतदाताओं के विवरण में संशोधन किया गया।
पूर्व में 21 फरवरी को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली में जिले में कुल 12 लाख 13 हजार 167 मतदाता थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के पश्चात मतदाताओं की संख्या में 17 हजार 364 की शुद्ध वृद्धि हुई है। इस प्रकार जिले की प्रारूप निर्वाचक नामावली में अब कुल 12 लाख 30 हजार 531 मतदाता दर्ज हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं शुद्धता बनाए रखने के लिए सभी पात्र नागरिकों से प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करने तथा आवश्यकतानुसार निर्धारित अवधि में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अपील की। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनीता पटेल, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि श्री कैलाश धोटे, श्री अंकित सिंह वर्मा, श्री देवेंद्र वाघ, श्री बी आर पाटिल, श्री सुनील उइके, श्री शमीम अहमद फारूकी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button