Betul Constable Sent To Police Lines :शराब दुकान पर हुए विवाद के मामले में आरक्षक को किया लाइन हाजिर, वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने की कार्रवाई
आरक्षक प्रवीण धुर्वे को तत्काल प्रभाव से थाना आठनेर से रक्षित केंद्र बैतूल किया संबद्ध, घटना की जांच के आदेश
Betul: Constable Sent To Police Lines : बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र की एक शराब दुकान पर हुए विवाद का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक वीडियो पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आया, जिसमें थाना आठनेर क्षेत्र स्थित शराब दुकान पर दो पक्षों के बीच कहासुनी एवं विवाद के दौरान थाना आठनेर में सीसीटीएनएस कार्य में पदस्थ आरक्षक 278 प्रवीण धुर्वे की उपस्थिति प्रथम दृष्टया परिलक्षित हुई।
एसपी ने उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक प्रवीण धुर्वे को तत्काल प्रभाव से थाना आठनेर से रक्षित केंद्र बैतूल संबद्ध करने के आदेश जारी किए हैं।
साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भैंसदेही लोकेश डाबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर संपूर्ण घटना की विधिवत जांच कर तीन दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक की स्पष्ट चेतावनी
एसपी ने कहा कि अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही अथवा पुलिस की छवि धूमिल करने वाले आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी-कर्मचारी विभागीय मर्यादा एवं अनुशासन का पालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

