Betul Road Accident : अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर, वृद्ध की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल
Betul Road Accident: Unidentified vehicle hits car; elderly man dies a tragic death, one critically injured.
Betul Road Accident : बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत करंजी नाले के पास हुए सडक़ हादसे में एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन कार को टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भैंसदेही क्षेत्र के घोगामा देवलवाड़ा निवासी शंकर लोखंड़े अपने भांजे मनोज कनाठे के साथ बैतूल से अपने गांव जा रहे थे। शुक्रवार की रात को लगभग 9 बजे खेलीसांवलीगढ़ करंजी नाले के पास अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी।
हादसे में कार सवार दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। शंकर पिता किशनराव लोखंडे (61) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मनोज गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।



