Betul News : प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर आशीर्वाद के 9 लाख 77 हजार से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगाया बैतूल जिला

Betul News: Betul district illuminated by the glow of over 9.77 lakh 'Aashirwad' (blessing) lamps on Prime Minister Modi's birthday.


बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में एक लाख दीपों का भव्य प्रज्वलन
————
केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों ने की सहभागिता, प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति जताया आभार
———-
Betul News : बैतूल, सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिलेभर में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाया गया। केंद्र प्रवर्तित योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सहभागिता से जिले में 9 लाख 77 हजार से अधिक दीपों का प्रज्वलन कर प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। जिला मुख्यालय के साथ सभी जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में भी प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों को दीपों से रोशन किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में शाम 7 बजे एक लाख दीपों का भव्य प्रज्वलन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री , मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष  मोहन नागर, मप्र अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य  मंगल सिंह धुर्वे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  हंसराज धुर्वे, पूर्व सांसद श्रीमती ज्योति धुर्वे, संचालक राज्य शिक्षा केंद्र श्री हरजिंदर सिंह, कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रज्ज्वलित किए दीप

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित कर ईश्वर के चरणों में अर्पित किए गए हैं। “तमसो मा ज्योतिर्गमय” की भावना के साथ प्रार्थना की गई कि राष्ट्र निरंतर अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़े और वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मोत्सव पर देशभर में गांव-गांव दीप प्रज्ज्वलित कर शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया जा रहा है। बैतूल जिले में भी विभिन्न समुदायों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों तथा समाज के सभी वर्गों ने इसमें सहभागिता की।

सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प : मोहन नागर

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से गांव-गांव और जन-जन तक सेवा कार्यों को पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी है। स्वच्छता, गरीब कल्याण, किसान, युवा और मातृशक्ति के सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यों को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि “आशीर्वाद का दीया” के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना के साथ जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया गया।

मां ताप्ती उद्गम स्थल पर 50 हजार दीपों से रोशन हुआ मुलताई

सेवा संकल्प अभियान के तहत मुलताई स्थित मां ताप्ती उद्गम स्थल पर लगभग 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके अलावा जिले की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं, सड़क मार्गों और स्वास्थ्य केंद्रों सहित महत्वपूर्ण स्थलों पर भी लाइटिंग की गई।
कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। केंद्र प्रवर्तित योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने इन आयोजनों में सहभागी बनकर “आशीर्वाद का दीया” जलाया।

जनपद पंचायत क्षेत्रों में प्रमुख स्थलों पर प्रज्ज्वलित हुए दीप

जनपद पंचायत क्षेत्रों में आमला के सोमवार वार्ड क्रमांक-4, आठनेर के ग्राम पंचायत हिडली स्थित बजरंग मंदिर, बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, भैंसदेही के प्राचीन शिव मंदिर, भीमपुर के बजरंग मंदिर, चिचोली के भंडारा घाट, घोड़ाडोंगरी के खेड़ापति माता मंदिर, मुलताई के मां ताप्ती उत्सव स्थल, प्रभात पट्टन के रामजी महाजन स्मारक तथा शाहपुर के माचना घाट सहित प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

नगरीय क्षेत्रों में भी जगमगाए प्रमुख स्थल

नगरीय निकाय क्षेत्रों में बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, आमला के माता मंदिर, सारणी के बाबा मोरध्वज मंदिर, मुलताई के मां ताप्ती तट, बैतूल बाजार के गणेश घाट माता मंदिर एवं बावड़ी मंगल भवन, भैंसदेही के प्राचीन शिव मंदिर, चिचोली के पिपलेश्वर महादेव मंदिर, आठनेर के देवी मंदिर, शाहपुर के राम मंदिर चौक एवं शहीद स्मारक तथा घोड़ाडोंगरी के शहीद स्मारक सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस अवसर पर जिलेभर में 9 लाख 77 हजार से अधिक दीपों की रोशनी ने सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button