Betul News : राशन दुकान में अनियमितता पर सेल्समैन-सचिव को तत्काल हटाने के दिए निर्देश
Betul News: Instructions given to immediately remove salesman-secretary due to irregularities in ration shop
Betul News : बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को आठनेर जनपद के विभिन्न ग्रामों के भ्रमण के दौरान ग्राम बोरपानी में ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने दिव्यांग गम्फू उईके की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा उनके बच्चों मनीष और मनीषा उईके की स्कूल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गम्फू उईके से कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य शिक्षा से ही बनता है, इसलिए उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शासन प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर डॉ सोनवणे के समक्ष सिंचाई, राशन, बिजली, अतिक्रमण एवं पेयजल संबंधी समस्याएं रखीं। जिस पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने अतिक्रमण चिन्हित कर हटाने तथा नाली व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में रेन वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर एवं अन्य जल संरक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने को कहा। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को बिजली विभाग द्वारा संचालित संपर्क अभियान शिविर की जानकारी भी दी। जिसमें बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
ग्रामीणों द्वारा स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत पर उन्होंने एसडीएम को बाउंडओवर की कार्रवाई करने तथा पंचायत मद से स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने धरती आबा योजना के तहत शीघ्र बाउंड्रीवाल निर्माण कराने को कहा।
ग्रामीण रेखा सिरसाम एवं वर्षा पंद्राम ने सड़क निर्माण की मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव को निराकरण के निर्देश दिए। वहीं सुशीला द्वारा प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत पर जांच कर समाधान करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त लाइट लगाने के लिए भी सचिव को निर्देशित किया।
ग्रामीण महिलाओं ने राशन पर्ची में नाम नहीं जुड़ने, ई-केवायसी नहीं होने एवं राशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ग्रामीण महिलाओं के साथ संबंधित उचित मूल्य दुकान पहुंचे और वस्तुस्थिति का निरीक्षण किया। जांच में सेल्समैन एवं सचिव की लापरवाही सामने आने पर दोनों के विरुद्ध कार्रवाई कर हटाने के निर्देश अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ को दिए गए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने निर्देश दिए कि राशन से वंचित सभी पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर उनका नाम शीघ्र जोड़ा जाए।
—तौल कांटे जब्त कर एसडीएम को पंचनामा बनाने के निर्देश—
कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कम राशन मिलने एवं वजन में अंतर की शिकायत पर अन्य स्थान से तौल कांटे बुलाकर जांच कराई। अनियमितता पाए जाने पर तौल कांटे जब्त कर एसडीएम को पंचनामा बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीओएस मशीन से स्टॉक का मिलान भी कराया गया। कलेक्टर ने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलतुनिया इवने द्वारा कल्याणी पेंशन नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने बताया कि राशि खाते में पहुंच चुकी है तथा हितग्राही को खाता जांचने की सलाह दी।
—7 दिनों के अंदर समस्त 30 उप स्वास्थ्य केंद्र हैंडओवर करने के दिए निर्देश—
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम के निजी कुओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कुएं की स्थिति जर्जर होने और साफ सफाई नहीं मिलने पर निजी कुएं के मालिक को साफ सफाई मरम्मत नहीं करने की दिशा में एसडीएम को संबंधित कुएं मालिक के विरुद्ध पब्लिक न्यूसेन्स का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा उन्होंने ग्राम बोरपानी में प्रगतिरत उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने इंजीनियर को निर्देश दिए कि जिले के सभी 30 उप स्वास्थ्य केंद्र सात दिनों के भीतर हैंडओवर कर संचालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोट, एसडीएम श्री अजीत मरावी, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।



