Betul Crime News : चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
Betul Crime News: Absconding accused arrested in attempted murder case involving a knife attack.
Betul Crime News : थाना बैतूल बाजार पुलिस ने चाकू से हमला कर हत्या के प्रयास के मामले में घटना दिनांक से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 अगस्त 2026 को फरियादी रोशन पिता रमेश उईके, उम्र 16 वर्ष, निवासी ग्राम दीवान चारसी द्वारा थाना बैतूल बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम कोलगांव स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई के दौरान पूर्व विवाद को लेकर आयुष बारपेटे एवं उसके साथियों द्वारा फरियादी तथा उसके साथी विशाल उर्फ राजा के साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान आरोपी आयुष द्वारा चाकू से हमला किया गया, जिससे विशाल उर्फ राजा के जांघ, पीठ, कंधे, सीने एवं सिर में चोटें आईं तथा उसे उपचार हेतु जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया।
घटना के संबंध में थाना बैतूल बाजार में धारा 109(1), 296(बी), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(वीए) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी
प्रकरण की विवेचना के दौरान घटना दिनांक से फरार चल रहे आरोपी देवेन्द्र पिता माखन बारपेटे, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कोलगांव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। 7 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना बैतूल बाजार पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके निवास स्थान ग्राम कोलगांव से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बैतूल बाजार निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, सउनि मुलायम सिंह मौर्य, आरक्षक 666 कमल चौरे एवं प्रधान आरक्षक 205 सुखराम पंवार की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।



