Petrol Diesel Price Hike : फूटा महंगाई का बम, पेट्रोल- डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी, जाने नए रेट
Petrol Diesel Price Hike: Inflation bomb explodes, petrol and diesel prices increase, know the new rates
Petrol Diesel Price Hike : देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई ताजा बढ़ोतरी ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेल कंपनियों द्वारा पेट्रोल के दाम में 3.14 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3.11 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। बढ़ी हुई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल 97.91 रुपए और डीजल 90.78 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी ईंधन की कीमतों में बड़ा इजाफा देखने को मिला है। यहां पेट्रोल पहले 106.56 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था, जो 3.14 रुपए की बढ़ोतरी के बाद अब 109.70 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत 91.93 रुपए से बढ़कर 95.04 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।
बैतूल में भी पेट्रोल की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। जिले में पेट्रोल का दाम 110.66 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जिससे वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक स्तर पर अस्थिरता बनी हुई है। इसी का असर भारतीय तेल बाजार पर भी पड़ा है। क्रूड ऑयल महंगा होने से पेट्रोलियम कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ा दिए हैं।
ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य सामग्री, सब्जियां, किराना और रोजमर्रा की अन्य वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। ऐसे में महंगाई से पहले ही परेशान आम जनता को एक और बड़ा झटका लगा है।

