Betul News : पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी गिरफ्तार, घरेलू विवाद में दिया घटना को अंजाम
Betul News: The accused who murdered his wife and fled was arrested; the incident took place due to a domestic dispute.
Betul Crime News : बैतूल जिले में गंभीर अपराधों पर नियंत्रण और फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के अभियान के तहत बैतूल बाजार पुलिस ने हत्या के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
घटना का विवरण
19 अप्रैल 2026 को ग्राम गांडवा निवासी बिमला बाई चढ़ोकर ने थाना बैतूल बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री बाली बाई सुबह करीब 10 बजे ताप्ती नदी पर कपड़े धोने और नहाने गई थी। कुछ देर बाद गांव के ही धनाराम बारस्कर ने सूचना दी कि नदी किनारे खेत के पास बाली की चप्पल और कपड़े तो हैं, लेकिन वह दिखाई नहीं दे रही है।
परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तलाश की, तो बाली का शव नदी के पानी में मिला। शव के सिर के पीछे करीब डेढ़ इंच की गहरी चोट पाई गई, जिससे खून बह रहा था। परिजनों ने दामाद मोंगिया जावरकर पर हत्या का संदेह जताया।
मामला दर्ज व जांच
पुलिस ने अपराध क्रमांक 123/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर पर गंभीर चोट से मौत होना पुष्टि हुई।
आरोपी की गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। 26 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की पत्थर से मारकर हत्या करना स्वीकार किया।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजना धुर्वे, निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक संतोष सिंह नागवे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।



