Betul Road Accident : दो बाइकों की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
Betul Road Accident: Fierce collision between two bikes, one youth dead, three seriously injured
Betul Road Accident : बैतूल-नागपुर हाईवे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बानूर खापा के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार युवक सुखचरण महसकोले (36), निवासी झिरीखापा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक सुखचरण अपने एक साथी के साथ ससुंदरा से अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है।सोमवार सुबह मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



