Betul Hailstorm News : मुलताई में अचानक बदला मौसम, तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका
Betul Hailstorm News: Weather suddenly changed in Multai, heavy rain and hailstorm feared damage to crops

Betul Hailstorm News : बैतूल जिले के मुलताई में गुरुवार शाम करीब 4:15 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ जोरदार ओलावृष्टि शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों तक चली इस ओलावृष्टि ने शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों को सफेद चादर में ढक दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़े आकार के ओले गिरने से रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार फसलें प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कई किसानों ने बताया कि अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। खासकर वे किसान ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जिनकी फसल कटाई के लिए तैयार थी या खेतों में कटी रखी थी।
मौसम में आए इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ को कारण माना जा रहा है, जिसके चलते जिले में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों का आकलन किए जाने की संभावना है।




