Betul Road Accident : बैतूल – नागपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई स्कूटी, दो युवकों की मौत
Betul Road Accident: Horrific road accident on Betul-Nagpur Road, scooter collides with truck, two youths killed
Betul Road Accident : बैतूल मुलताई क्षेत्र में नागपुर रोड पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। दोनों युवक स्कूटी से मुलताई से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में ट्रक से टकराने से यह हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार खेड़ी देवगांव निवासी बारीक उर्फ हेमराज धुर्वे (18) मुलताई के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। शुक्रवार 15 मार्च की शाम करीब 5 बजे उसने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह अपने दोस्त सुखदेव कहार के साथ स्कूटी से मुलताई से घर लौट रहा है। इसके बाद देर रात करीब 11:30 बजे परिवार को हादसे की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि मुलताई-नागपुर रोड पर थावरिया नाला के पास स्थित वीआईपी स्कूल के सामने उनकी स्कूटी एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में शामिल ट्रक का नंबर RJ-14 GE 0676 बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे से आ रही स्कूटी ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुखदेव कहार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हेमराज धुर्वे को सिर, जांघ, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। उसकी हालत नाजुक होने के कारण परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए एम्बुलेंस से नागपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मल्हारा पंखा के पास उसकी भी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। दोनों युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि हेमराज परिवार की आर्थिक मदद के लिए मुलताई में काम करता था और अक्सर स्कूटी से ही घर आता-जाता था।
मृतक हेमराज के पिता ने ट्रक चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नागपुर रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, ऐसे में प्रशासन को यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत है।



