Betul Today News : नहर के लिए 7 गावों के किसानों का धरना प्रदर्शन, किसानों ने जताया आक्रोश
Betul Today News: Farmers from 7 villages protest for the canal, farmers expressed their anger.
Betul Today News : बैतूल मुलताई क्षेत्र के ग्राम चौथिया जोड़ पर सात गांव के किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। किसानों की मांग है कि वर्धा डैम की मुख्य नहर से किसानों के खेतों को जोड़ा जाए, ताकि सिंचाई के लिए पानी मिल सके। किसान लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं, लेकिन किसानों की मांगों को शासन प्रशासन ने हमेशा नजर अंदाज किया है। इससे किसानों में आक्रोश पनप गया है। ग्राम गोपाल तलाई, चौथिया, जामगांव, सांडिया, सोनोली, बरसाली, बिछवा के सैकड़ों किसान धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। किसानों ने सरकार को चेतावनी दी है कि इनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो आगामी दिनों और उग्र आंदोलन कर चक्काजाम करेंंगे। इसकी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
किसानों ने धरना प्रदर्शन स्थल पर नहर दो नहीं तो जहर दो के नारे भी लगाए। किसानों का कहना है कि वर्धा डैम की नहर से किसानों के खेतों को जोड़ा जाता है तो सिंचाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इन सातों गांवों की दूरी वर्धा डैम की नहर से महज तीन से चार किमी दूर है। इसके बावजूद भी इन गांवों को नहर से नहीं जोड़ा गया। जबकि नहर से तीस किमी दूर के गांवों को वर्धा डैम से जोड़ा गया है। नहर का पानी नहीं मिलने से किसान सिंचाईनहीं कर पा रहे हैं। कई किसान सिंचाई के अभाव गेहूं की फसल की बोवनी भी नहीं कर पा रहे हैं। किसान नहर नहीं मिलने से वर्षों से परेशान है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किसानों की मांगों को लेकर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नहर नहीं मिलने से किसानों को आक्रोश बढ़ते ही जा रहा है। किसानों ने आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।




