Betul Crime News : मिर्ची पीसने वाला सिलबट्टा पटककर माँ की कर दी हत्या, आरोपी पुत्र गिरफ्तार
Betul Crime News: Mother murdered by throwing chilli grinding stone, accused son arrested
Betul Crime News : बैतूल जिले के थाना आठनेर पुलिस क्षेत्र में अपनी मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। कलयुगी पुत्र ने माँ को मामूली बात पर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया की 25 नवंबर को ग्राम डूडर निवासी फरियादी युवराज इवने पिता नागोराव उम्र 48 वर्ष द्वारा थाना आठनेर में सूचना दी गई कि वह दिन में खेत गया हुआ था। शाम लगभग 06:00 बजे जब वह घर लौट रहा था, तभी ग्राम कोटवार सुमन बाई ने उसे बताया कि उसके साले दिलीप ने अपनी मां के साथ मारपीट की है।
फरियादी जब दिलीप के घर पहुंचा, तो देखा कि उसकी सास मंगेबाई घर के पीछे छपरी में बेहोश पड़ी थीं, तथा उनके दाहिने पैर की हड्डी घुटने के ऊपर से टूटी हुई थी और शरीर पर गंभीर चोटों से रक्तस्राव हो रहा था। पूछताछ करने पर दिलीप ने बताया कि मां द्वारा उल्टा-सीधा कहने पर गुस्से में उसने उन्हें धक्का दिया और घर में रखा मिर्ची पीसने का पत्थर (सिलबट्टा) उठाकर उन पर कई बार पटका, जिससे लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस को घटनास्थल की जानकारी दिए जाने पर थाना आठनेर में आरोपी दिलीप पिता श्यामजी उइके उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम डूडर के विरुद्ध धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर गिरफ्तार किया है।

आरोपी को पकड़ने में इनकी रही भूमिका
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी आठनेर निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
एसडीओपी भैंसदेही श्री भूपेंद्र सिंह मौर्य एवं जिला सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम जिसमें निरी. विजय सिंह ठाकुर, निरी. आबिद अंसारी (सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट), उपनिरीक्षक संदीप परतेती, उपनिरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, आरक्षक 499 मनीष पटेल, आरक्षक क्रमांक 101 गिर्राज धाकड़, शामिल है। इन सभी के प्रयास से आरोपी गिरफ्तार हुआ है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की आमजन से मार्मिक अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन ने कहा है की घर-परिवार में होने वाले विवादों और तनावों को हिंसा का रूप न लेने दें। क्रोध के क्षणों में लिया गया गलत निर्णय जीवनभर पछतावा और विनाश का कारण बन सकता है। यदि परिवार में तनाव हो, मानसिक परेशानी हो या किसी सदस्य का व्यवहार असामान्य लगे, तो तत्काल बातचीत करें, बुजुर्गों की सलाह लें, ग्राम पंचायत/काउंसलिंग सेवाओं अथवा पुलिस की मदद लें। पुलिस हमेशा आपकी सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, विवाद या हिंसा की आशंका हो तो तुरंत डायल-112 पर सूचित करें। आपका एक कदम किसी बड़े हादसे को टाल सकता है।



