Betul Crime News : युवक की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार, 3 आरोपी फरार
Betul Crime News: Youth's murder solved within 24 hours; 3 accused arrested, 3 absconding.
Betul Crime News : बैतूल जिले में गंभीर एवं जघन्य अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में थाना गंज पुलिस ने युवक की हत्या के गंभीर मामले का 24 घंटे के अंदर सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।घटना का संक्षिप्त विवरण
31 अगस्त की रात्रि मृतक देवेन्द्र उर्फ डिब्बी पिता मनोज राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी माचना नगर, गोयल फैक्ट्री के पास, बैतूल को उसके मोबाइल पर फोन आने के बाद उसके दोस्तों द्वारा बुलाए जाने पर वह घर से बाहर गया था। रात्रि करीब 11:16 बजे वह घर के आंगन में असामान्य अवस्था में मिला। उसके कपड़े गीले थे तथा दोनों पैरों, हाथ, पीठ एवं आंख के पास चोट के निशान पाए गए।
परिजनों द्वारा उसे उपचार हेतु जिला अस्पताल बैतूल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में अन्य अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मर्ग जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं मृतक की मां के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया मारपीट से आई चोटों के कारण मृत्यु होना पाए जाने पर थाना गंज में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सीसीटीवी एवं तकनीकी साक्ष्य से मिले अहम सुराग
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुश्री अन्नापूर्णा सिरसाम के नेतृत्व में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
गठित पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
03 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए—
1. हर्षित पिता जगत पंवार, निवासी ग्रीनसिटी, बैतूल
2. शिवम उर्फ लाला पिता चिन्धु उर्फ चिन्ध्या साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्रीनसिटी वार्ड, बैतूल
3. पीयूष उर्फ छोटू पिता दशरथ बचले, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्रीनसिटी, गंज, बैतूल को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
तीन आरोपी अभी भी फरार
प्रकरण में अन्य आरोपी अजय पिता जगन्नाथ डहेरिया, शुभम पंवार पिता कलीराम पंवार एवं दीपक उर्फ दीपु उर्फ डेबरी पिता वासुदेव दंवडे, सभी निवासी ग्रीनसिटी, बैतूल, फरार हैं। पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल, उनि उत्तमनंदन मस्तकार, उनि संदीप परतेती, उनि इरफान कुरैशी, सउनि किशोरीलाल सल्लाम सहित थाना गंज पुलिस टीम तथा साइबर सेल के राजेन्द्र, आरक्षक बलराम एवं आरक्षक पंकज की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना, संदिग्ध गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



