Har Ghar Tiranga Abhiyan betul: हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली तिरंगा रैली, देशभक्ति गीतों से गूंजा शहर
Har Ghar Tiranga Abhiyan Betul: Tricolor rally taken out under Har Ghar Tiranga Abhiyan, city resonated with patriotic songs
Har Ghar Tiranga Abhiyan betul: हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त अगुवाई में शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सड़कों पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज, देशभक्ति गीतों की धुन और जोशीले नारों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
हजारों लोग शामिल
इस भव्य यात्रा में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर, सुधाकर पवार, आनंद प्रजापति, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
देशभक्ति धुनों से गूंजा शहर
पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत आकर्षक देशभक्ति धुनों ने तिरंगा यात्रा के जोश और उमंग को दोगुना कर दिया। यात्रा पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर नेहरू पार्क, जिला अस्पताल मार्ग, कोठी बाजार पेट्रोल पंप, शिवाजी चौक होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुई।
देशभक्ति और स्वच्छता का संगम
कलेक्टर सूर्यवंशी ने बताया कि 2 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न देशभक्ति और स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
शहीदों को नमन, नई पीढ़ी को संदेश
पुलिस अधीक्षक झारिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को नमन करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम व कर्तव्यनिष्ठा की भावना जगाना है।
“तिरंगा हमारी एकता, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। इसे सम्मान और गर्व के साथ लहराना हम सबका कर्तव्य है।” – पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल झारिया



