Betul Today News : कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, निर्धारित मात्रा से अधिक यूरिया का स्टॉक मिलने पर गोदाम को किया सील
Betul Today News: Collector did a surprise inspection, sealed the warehouse after finding more stock of urea than the prescribed quantity
Betul Today News : बैतूल, जिले में खाद की उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर ने सोमवार को जिले की निजी खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत जिला मुख्यालय स्थित बडोरा में सिद्धि विनायक कृषि सेवा नामक दुकान से की गई, जहां उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, विक्रय बिलों तथा पीओएस मशीन से रैंडम रूप से निकाले गए बिलों का मिलान किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित किसानों से उर्वरक की उपलब्धता व वितरण प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
इसके उपरांत कलेक्टर सूर्यवंशी ने दुकान के गोदाम का निरीक्षण कर यूरिया के भंडारण की स्थिति देखी तथा पोर्टल पर दर्ज स्टॉक की तुलना वास्तविक उपलब्धता से करवाई। जिसमें निर्धारित मात्रा से लगभग साढ़े 8 मैट्रिक टन यूरिया अधिक मिलने की अनियमितता पाई गई। जिस पर गोदाम को सील किया गया।
निरीक्षण का क्रम आगे बढ़ाते हुए वे ग्राम भडूस पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रो प्योर फर्म की खाद दुकान का गोदाम खुलवाकर स्टॉक की जांच की। इस दौरान पीओएस मशीन से उर्वरक का वितरण नहीं पाया गया और स्टॉक में भी कमी पाई गई। जिस पर कलेक्टर ने दुकान संचालक के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि डॉ. आनंद कुमार बड़ोनिया भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को निर्देश दिए कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



