MP Today News : जल्द करें यह काम वरना जमीन के पट्टे हो जाएंगे निरस्त, कलेक्टर ने जारी किये निर्देश
MP Today News: Do this work soon or else the land lease will be cancelled, Collector issued instructions
MP Today News: जिले में नजूल पट्टों के नवीनीकरण को लेकर कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जिन भू-खण्ड धारकों की लीज की अवधि 31 मार्च 2025 तक समाप्त हो गई है और जिन्होंने अभी तक नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें 24 मई 2025 तक का अंतिम अवसर दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में नवीनीकरण नहीं कराने पर उनके पट्टों को निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे ऐसे सभी प्रकरणों की सूची तैयार करें और भू-खण्डों का भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर लीज नवीनीकरण नहीं किए जाने की दशा में मौके पर जाकर तत्काल कब्जा हटाकर भूमि को शासन के अधीन लिया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पट्टा नवीनीकरण की प्रक्रिया केवल नजूल भू भाटक सभी आवश्यक शुल्कों के भुगतान के पश्चात ही की जाए। बिना निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण किए किसी भी लीज का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
जिले में ऐसे लगभग 2732 प्रकरण चिन्हित किए गए हैं जिनमें पट्टा नवीनीकरण लंबित है। इन सभी प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने बैतूल, मुलताई, आमला, बैतूल बाजार, भैंसदेही सहित सभी तहसीलों के राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस कार्य को अभियान के रूप में लेकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
राजस्व विभाग को निर्देशित किया गया है कि लीज नवीनीकरण से संबंधित सूचना को व्यापक रूप से प्रचारित करें ताकि संबंधित हितधारकों को समय रहते आवश्यक कार्यवाही करने का अवसर मिल सके। “सरकारी जमीनों के उपयोग में पारदर्शिता और नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। लीज नवीनीकरण की अंतिम तिथि 24 मई निर्धारित की गई है, इसके बाद सख्त कार्यवाही की जाएगी। भूखंड धारक लीज नवीनीकरण के लिए संबंधित एसडीएम कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।



